हम जब किसी से मिलते हैं तो सबसे पहले उसका स्वभाव जानने की कोशिश करते हैं। क्योंकि सबका नेचर एक-दूसरे काफी अलग होता है। किसी को मजाक पसंद होता है तो किसी को शांत रहना। ऐसे में एक मुलाकात काफी नहीं होती है लोगों के बारे में जानने के लिए। वहीं अगर आप ज्योतिष शास्त्र में दिलचस्पी रखते हैं तो आप किसी के जन्म के महीने से भी उसके स्वभाव का अंदाजा लगा सकते हैं। ऐसा करने से आप को लोगों को समझने में काफी मदद मिलेगी।
ज्योतिष शास्त्र (Astrology) के मुताबिक, हर इंसान का जन्म एक तय समय, महीने और साल में होता है। हर महीने और दिन की एक अलग खासियत या प्रकृति होती है और इसी के आधार पर उस इंसान की खूबी, शौक, अच्छाई- बुराई और उसका स्वभाव तय होता है। तो आइए जानते हैं अलग-अलग महीने में जन्म लेने वाले लोगों का कैसा होता है स्वभाव –
जनवरी महीने में पैदा होने वाले लोग मेहनती तो बहुत होते हैं लेकिन हर बार किस्मत इनका साथ नहीं देती है। इनके सभी काम देरी से पूरे होते हैं। ये लोग बेहद संस्कारी और आदर्श छवि के होते हैं और इसी कारण इनके चाहने वालों और इनके रास्ते पर चलने वाले लोगों की फेहरिस्त काफी लंबी होती है। इनकी राशि मकर (Capricorn) होती है और स्वामी ग्रह शनि होता है। ये हर छोटी- छोटी बात पर बहस करते हैं। इनका दिल जीत पाना थोड़ा मुश्किल होता है। इनकी पसंद- नपसंद को समझने के लिए आपका एक पूरा जीवन कम पड़ सकता है।
फरवरी में पैदा होने वाले लोग काफी अट्रेक्टिव पर्सनैलिटी के होते हैं। ये प्राकृतिक रूप से शांतिप्रिय होने के साथ ही काफी विचारशील भी होते हैं। इनकी राशि कुंभ (Aquarius) होती होती है और स्वामी ग्रह शनि होता है। इनमें वैसे काफी खासियतें होती हैं, लेकिन इनके जैसा सेल्फ- कंट्रोल और किसी के पास होना बहुत ही मुश्किल है। हालात कैसे भी हों, इन्हें संभालना बखूबी आता है। ये लोग अपना लक्ष्य पहले से ही निर्धारित कर लेते हैं और धीरे- धीरे प्रगति के पथ पर बढ़ते भी रहते हैं। साथ ही अपने कार्य क्षेत्र में एक विशेष मुकाम भी हासिल करते हैं।
मार्च के महीने में पैदा होने वाले लोग काफी सोशल होते हैं। ये खुद से ज्यादा दूसरों की परवाह करते हैं। ये हंसमुख होते हैं और अपनी इसी खूबी से लोगों को अपना दीवाना बना देते हैं। इनकी राशि मीन (Pisces) होती है और स्वामी ग्रह बृहस्पति होता है। इन्हें आलोचना बिल्कुल भी पसंद नहीं है। इससे इन्हें डर लगता है। ये लोग बेहद सेंसेटिव और ईमानदार होते हैं। इनको किसी का सामना या विरोध करने से डर लगता है। इनपर विश्वास करना थोड़ा मुश्किल होता है क्योंकि ये दूसरों की बातें सीक्रेट नहीं रखते हैं। बल्कि उसमें मिर्च मसाला लगाकर इधर की उधर करते हैं।
अप्रैल महीने में पैदा होने वाले लोग बेवकूफ नहीं बल्कि वो दूसरों से बहुत ही खास होते हैं। ये लोग काफी एनर्जेटिक और जोशीले होते हैं और इनकी एनर्जी ही इनकी ताकत होती है। इनकी राशि मेष (Aries)होती है और स्वामी ग्रह मंगल होता है। इन्हें अच्छे लोगों के साथ रहना और बातें करना बहुत भाता है। ये लोग काफी सेंसिटिव होते हैं, दूसरों की भावनाओं को समझ जाते हैं लेकिन अपनी भावनाएं जाहिर करने में कतराते हैं। ये लोग काफी अच्छे मेंटर्स साबित होते हैं लेकिन खुद को समझा नहीं पाते। ये जिंदगी को लेकर हमेशा ही बहुत उत्साह और उम्मीद में रहते हैं। इन्हें आजाद रहना और हर काम को अपने ही तरीके से करना पसंद है।
मई महीने में पैदा होने वाले लोगों की कल्पना शक्ति बहुत अधिक होती है लेकिन इसके बावजूद भी वे अपने बुरे- भले का ज्ञान नहीं कर पाते हैं। ये लोग जिद्दी और अडियल किस्म के होते हैं, जल्दी किसी के बहकावे में नहीं आते। लेकिन अगर इन्हें कोई बात पसंद नहीं तो उसका विरोध गुस्सा दिखाकर करते हैं। इन्हें जब भी गुस्सा आता है तो चिल्ला- चिल्ला कर अपनी ही तबियत खराब कर लेते हैं। ये हमेशा दूसरों की नजरों में खुद को अच्छा और अपनी आदर्श छवि बनाने की कोशिश करते हैं। इनकी राशि वृषभ (Taurus) होती है और ग्रह शुक्र होता है। अगर बात इनके फैशन सेंस की करें तो उसमें तो इनका जवाब नहीं। भीड़ में अलग दिखने के लिए ये अपने आउटफिट हमेशा लाजवाब और उम्दा ही चुनते हैं। घर में ये चाहे जितने भी अस्त- व्यस्त रहें लेकिन घर से बाहर इनका रुतबा ही कुछ और होता है।
जून में पैदा होने वाले लोगों पर बुध का प्रभाव होता है, जो कि दिमाग, बुद्धि और याददाश्त को लीड करता है। इसी वजह से इनका दिमाग बेहद शार्प होता है। ये अपनी सोच को उड़ने का मौका देते हैं और अपने आप ही हर तरह के सवालों के जवाब ढूंढ लेते हैं। इनकी राशि मिथुन (Gemini) होती है और स्वामी ग्रह बुध होता है। इनमें लीडरशिप की भावना कूट-कूट कर भरी होती है। इसी वजह से ये लोग हर किसी को अपना गुलाम समझते हैं, ये लोग जब भी कोई नौकरी करेंगे तो बॉस बन कर ही अच्छी तरह कर पाते हैं। इन लोगों में सबसे बड़ी कमी होती है कि जो दूसरों को मना करते हैं, खुद वही करते हैं।
जुलाई महीने में पैदा होने वाले लोग अपनी समझदारी और हंसमुख स्वभाव के लिए जाने जाते हैं लेकिन इनके मूड को समझना किसी टेढी खीर से कम नहीं होता। इनकी राशि कर्क (Cancer) होती है और स्वामी ग्रह चंद्र होता है। ये लोग अपने हंसमुख स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। इनका मजाकिया नेचर उदास लोगों के लिए दवा के तौर पर काम करता है। लेकिन इनके मूड का भरोसा नहीं किया जा सकता है। एक पल में गुस्सा और दूसरे ही पल सबकुछ भूल जाते हैं। ये लोग अपनी अलग तरह की रौबदार पर्सनैलिटी के लिए जाने जाते हैं। साथ ही आकर्षक व्यक्तित्व होने की वजह से कोई भी बड़ी आसानी से इनको अपना दिल दे बैठता है।
अगस्त महीने में पैदा होने वाले लोग बेहद शांत स्वभाव के होते हैं। ये हर काम में ईमानदार होते हैं और अपने आसपास के लोगों से भी ऐसे स्वभाव की उम्मीद रखते हैं। इनकी राशि सिंह (Leo) होती है और स्वामी ग्रह सूर्य होता है। सूर्य प्रधान होने की वजह से इन लोगों में लीडरशिप की क्वालिटी जरूर होती है। हर काम में आगे रहते हैं, जिस वजह से हर किसी की नजर में ये लोग आसानी से आ जाते हैं। ये हर समय अपनी तारीफ सुनना चाहते हैं और साथ ही साथ कभी-कभी ये लोग खुद ही अपनी शेखी बघारने से भी पीछे नहीं हटते।
सितम्बर महीने में पैदा होने वाले लोग बहुत ही दयालु और नाजुक होते हैं। हर छोटी-छोटी बात में बहुत सावधानी बरतते हैं। लेकिन अपनी बेकार की जिद्द की वजह से परेशानी मोल ले बैठते हैं इस राशि का स्वामी ग्रह बुध (Virgo) होता है। इन लोगों में खास बात ये होती है कि ये अपनी राह खुद तय करते हैं और अपनी मेहनत से समाज में अपनी जगह बनाते हैं। ये जिस चीज के पीछे पड़ जाते हैं उन्हें हर हाल में पूरा करके रहते हैं। ये लोग ज्यादातर फिटनेस की फील्ड में अपना करियर चुनते हैं। लेकिन इन्हें नौकरी मिलने में थोड़ा ज्यादा समय लगता है क्योंकि इस राशि वाले सबसे राय लेते हैं लेकिन फैसला खुद अपना करते हैं। इन्हें कई लोग अपना आइडियल भी मानते हैं।
अक्टूबर महीने में पैदा होने वाले लोगों की राशि तुला (Libra) होती है, जिसका स्वामी शुक्र ग्रह होता है। ये लोग अपने ग्रेस और स्टाइल के लिए जाने जाते हैं। ज्यादातर दुविधा में रहने के नेचर की वजह से इन्हें चालाक समझा जाता है। ये लोग अपनी ईमानदारी और समझ के लिए जाने जाते हैं। इन्हें भले कुछ न आता हो लेकिन किसे के पीछे चलना इन लोगों को बिल्कुल पसंद नहीं होता। अक्टूबर में जन्मे लोग बेहद रहस्मयी किस्म के होते हैं। ये लोग अपने आस- पास एक ऐसा माहौल बना लेते हैं जिससे प्रवेश करने से पहले लोग दस बार सोचते हैं। क्योंकि ये कब क्या कर बैठें, इस बारे में लोग अंदाजा भी नहीं लगा सकते हैं।
नवंबर महीने में पैदा होने वाले लोगों की राशि वृश्चिक (Scorpio) होती है, जिसका स्वामी मंगल ग्रह होता है। इस राशि को काफी गूढ माना जाता है। राशि चक्र में यह राशि सबसे ज्यादा रहस्यमयी है। इस महीने में पैदा होने वाले लोग प्रभावशाली व्यक्तित्व के होते हैं। जहां जाते हैं वहां अपनी छाप छोड़ देते हैं। बिना परिश्रम किये इन्हें सफलता आसानी से नहीं मिलती और जब मिलती है जो देखने वाले देखते ही रह जाते हैं। जीवन भर इन्हें किसी भी चीज की कमी नहीं होती है। प्रतिभा, पैसा और भाग्य इनके साथी हैं। करियर से लेकर रिलेशनशिप तक पैशन के बिना ये कोई काम नहीं कर सकते। इनका पैशन ही है, जो इनको बार-बार हारने के बाद भी रुकने नहीं देता।
दिसंबर में पैदा होने वाले लोग आशिकाना मिजाज के होते हैं। लेकिन साथ ही बहादुर, आशावादी और भुलक्कड़ किस्म के भी होते हैं। इनकी राशि धनु (Sagittarius) होती है और स्वामी ग्रह बृहस्पति होता है। ये राशि शक्तिशाली राशियों में से एक मानी जाती है। लेकिन कभी-कभी घृणा का शिकार हो जाती है और खुद अपना नुकसान कर बैठती है। ये भाग्यशाली होने के साथ ही इंटेलीजेंट भी होते हैं। इनके अंदर टैलेंट कूट- कूट के भरा होता है, जोकि इन्हें बाकी सबसे अलग बनाती है। इन्हें हंसी- मजाक बहुत पसंद होता है। हर छोटी- छोटी बातों में भी खुशी ढूंढ लेते हैं। अगर आप इनके साथ हैं तो कभी बोर नहीं हो सकते, इस बात की तो पक्की गारंटी है। लेकिन हां ये लोग मुंहफट होते हैं। चाहे इनकी बात किसी को बुरी लगे या अच्छी, ये उसके मुंह पर ही बोल देते हैं।