Inspiration

मोना सिंह सहित इन सेलिब्रिटीज़ ने अपनी शादी में पहना प्रियंका चोपड़ा वाला ब्राइडल लहंगा

Supriya Srivastava  |  Jan 9, 2020
मोना सिंह सहित इन सेलिब्रिटीज़ ने अपनी शादी में पहना प्रियंका चोपड़ा वाला ब्राइडल लहंगा
बात जब इंडियन ब्राइडल लहंगे की हो तो सबसे पहले ज़ेहन में लाल रंग का खूबसूरत जोड़ा ही आता है। यूं तो बदलते समय के साथ लड़कियां अपनी शादी के खास मौके पर क्रीम कलर से लेकर मल्टीकलर तक के लहंगे पहनना पसंद करने लगी हैं लेकिन आज भी लाल रंग की बात कुछ और ही है। सोनम कपूर से लेकर दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा तक ने अपनी शादी में लाल रंग के ब्राइडल लहंगे को ही चुना। इन सब में सेलिब्रिटीज़ के बीच सबसे ज्यादा पॉपुलर रहा बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा का ब्राइडल लहंगा। ‘जस्सी जैसी कोई नहीं’ फेम मोना सिंह सहित और भी कई सेलिब्रिटीज़ ने अपनी शादी पर हूबहू प्रियंका चोपड़ा वाला ब्राइडल लहंगा ही पहना।

आखिर क्या खास है प्रियंका चोपड़ा के लहंगे में?

Instagram

क्रिश्चियन वेडिंग के बाद प्रियंका चोपड़ा ने हिन्दू रीति-रिवाज़ों के साथ हुई शादी के दौरान सुर्ख लाल जोड़ा पहना था। प्रियंका चोपड़ा के इस खूबसूरत लहंगे को डिज़ाइन किया था मशहूर फैशन डिज़ाइनर सब्यसाची मुखर्जी ने। कन्नौज रोज़ डिजाइन से बने इस लहंगे में हाथ की बारीक और खूबसूरत कारीगरी का इस्तेमाल किया गया था, जिसके लिए खास कोलकाता से 110 एम्ब्रॉइडरी कारीगर बुलाए गए थे। आपको जानकर हैरानी होगी कि इस मास्टरपीस को बनाने में 110 कारीगरों को भी पूरे 3270 घंटे का समय लगा था। प्रियंका चोपड़ा के इस ब्राइडल लहंगे पर उनके पति निक जोनस का पूरा नाम यानि निकोलस जेरी जोनस भी लिखा गया था। इस लाल जोड़े में प्रियंका की खूबसूरती बस देखते ही बन रही थी। 

इन सेलिब्रिटीज़ ने अपनी शादी में पहना प्रियंका चोपड़ा जैसा ब्राइडल लहंगा

खास प्रियंका चोपड़ा के लिए डिज़ाइन किया गया सब्यसाची मुखर्जी का यह लहंगा न सिर्फ उनकी फीमेल फैंस बल्कि सेलिब्रिटीज़ के बीच भी खूब पॉपुलर हुआ। कुछ सेलिब्रिटीज़ ने तो अपनी शादी पर हूबहू प्रियंका चोपड़ा वाला लहंगा ही पहन लिया। हम यहां ऐसी ही कुछ सेलिब्रिटीज़ के ब्राइडल लहंगे दिखा रहे हैं।

मोना सिंह

सीरियल ‘जस्सी जैसी कोई नहीं’ फेम एक्ट्रेस मोना सिंह टीवी इंडस्ट्री का जाना-माना चेहरा हैं। वे अब तक कई टीवी सीरियल्स के साथ वेब सीरीज़ और ‘3 इडियट्स’ जैसी फिल्म में भी नज़र आ चुकी हैं। मोना सिंह बीते साल 27 दिसंबर को अपने बॉयफ्रेंड और साउथ इंडियन बैंकर श्याम गोपालन के साथ शादी के बंधन में बंध गई थीं। यह शादी पंजाबी रीति-रिवाज़ों के साथ संपन्न हुई थी। इस दौरान मोना सिंह का ब्राइडल लुक भी काफी चर्चा में रहा क्योंकि उन्होंने अपनी शादी पर हूबहू वैसा ही लहंगा पहना, जैसा प्रियंका चोपड़ा ने पहना था। आप भी देखिए मोना सिंह का यह खूबसूरत ब्राइडल लुक।

Instagram

सोन्या अयोध्या

सीरियल ‘कसौटी जिंदगी की’ में तन्वी का किरदार निभा चुकीं एक्ट्रेस सोन्या अयोध्या भी बीते साल 2019 में अपने बॉयफ्रेंड संग शादी के बंधन में बंध गई थीं। दोनों ने जयपुर के शानदार वेन्यू पर हिन्दू रीति-रिवाज़ों के साथ सात फेरे लिए। सोन्या की शादी में ‘कसौटी जिंदगी की’ फेम प्रेरणा यानि एरिका फर्नांडिस सहित मोहिनी बासु का किरदार निभा रहीं एक्ट्रेस शुभावी चौकसी भी शामिल हुईं। अपनी शादी में सोन्या अयोध्या ने भी ठीक वैसा ही लहंगा पहना, जो प्रियंका चोपड़ा ने अपनी शादी में पहना था। यकीन नहीं आता तो आप इस तस्वीर पर एक नज़र डाल लीजिए।

Instagram

बबीता फोगाट

‘दंगल गर्ल’ के नाम से मशहूर बबीता फोगाट भी बीते साल 1 दिसंबर को भारत केसरी पहलवान विवेक सुहाग संग शादी के बंधन में बंध गईं। मशहूर रेसलर और ‘द्रोणाचार्य अवॉर्ड’ से सम्मानित महावीर सिंह फोगाट की दूसरी बेटी बबीता फोगाट की शादी हरियाणा के दादरी जिले के गांव बलाली में संपन्न हुई थी। अपनी शादी में बबीता फोगाट काफी खूबसूरत लग रही थीं। बता दें कि बबीता फोगाट ने भी इस खास दिन के लिए प्रियंका चोपड़ा वाले लहंगे को ही चुना। देखिए बबीता फोगाट का ये खूबसूरत ब्राइडल लुक। 

Instagram

https://hindi.popxo.com/article/bollywood-to-focus-on-biopics-of-these-achievers-in-year-2020-in-hindi

Read More From Inspiration