एंटरटेनमेंट

दिव्यांका त्रिपाठी समेत ‘ये है मोहब्बतें’ की पूरी टीम अब लंदन में!

Deepali Porwal  |  Mar 20, 2018
दिव्यांका त्रिपाठी समेत ‘ये है मोहब्बतें’ की पूरी टीम अब लंदन में!

स्टार प्लस के हिट टीवी शो ‘ये है मोहब्बतें’ में कई ट्विस्ट्स एंड टर्न्स के बाद अब पूरी टीम लंदन पहुंच चुकी है। लंदन से पहले ए़कता कपूर के इस लोकप्रिय टीवी शो की शूटिंग बुडापेस्ट और ऑस्ट्रेलिया में भी की जा चुकी है।

लंदन में जारी होगी शूटिंग

2013 से टेलीकास्ट हो रहा टीवी शो ‘ये है मोहब्बतें’ आज भी टीआरपी रेटिंग में टॉप 5 में जगह बनाने में कामयाब है। शो की कहानी को आगे बढ़ाने के लिए इसमें कई सालों का लीप दिखाया गया था, जिसके बाद भी इसकी फैन फॉलोइंग में कोई कमी नहीं आई है। लगता है मेकर्स ने ‘ये है मोहब्बतें’ की कहानी के हर मुख्य बदलाव की शूटिंग को विदेशी लोकेशन पर ही करने का फॉर्म्युला अपना लिया है। तभी तो ऑस्ट्रेलिया और बुडापेस्ट में शूटिंग करने के बाद अब इसकी टीम लंदन पहुंच चुकी है। दर्शकों को ज़रूर इस हिट टीवी शो में कुछ नया देखने को मिलने वाला है।

दिव्यांका, विवेक, करण, अनीता ने जमाई महफिल

इस शो के कुछ मुख्य किरदार इशिता भल्ला (दिव्यांका त्रिपाठी), रमन भल्ला (करण पटेल), आदित्य भल्ला (अभिषेक वर्मा), आलिया (कृष्णा मुखर्जी), शगुन (अनीता हसनंदानी) और रोमी भल्ला (अली गोनी) अपनी प्रोड्यूसर एकता कपूर के साथ लंदन में शूटिंग और फोटोशूट का डबल मज़ा ले रहे हैं। दिव्यांका त्रिपाठी के साथ उनके पति विवेक दहिया भी टीम का साथ देने के लिए लंदन गए हैं। पहले वे भी इस शो का हिस्सा रह चुके हैं। जहां करण पटेल की वाइफ अंकिता भार्गव पटेल बुडापेस्ट शूट में उनके साथ गईं थीं, वहीं इस बार वे मुंबई में ही हैं।

इस बार भी मनेगा जन्मदिन का जश्न

बुडापेस्ट शूट के दौरान शो में रूही भल्ला का किरदार निभाने वाली अदिति भाटिया का 18 वां जन्मदिन वहीं मनाया गया था। खबरों की मानें तो लंदन शूट के दौरान भी किसी खास व्यक्ति के जन्मदिन का जश्न मनाने की तैयारी की जा रही है। दरअसल, अनीता हसनंदानी के पति रोहित रेड्डी का 22 मार्च को जन्मदिन है और अनीता इस दिन रोहित के साथ ही रहना चाहती थीं। इसलिए रोहित 22 को लंदन में रहेंगे, जहां खूब जोर-शोर से उनका जन्मदिन मनाया जाएगा। अनीता ने सोशल मीडिया पर कुछ फोटोज शेयर की हैं। उनमें से एक फोटो के कैप्शन में उन्होंने रोहित से जल्दी लंदन के लिए कहा है।

टेलीविजन वर्ल्ड के इन सितारों की चमक लंदन से भारत तक यूं ही बिखरी रहेगी। हमें तो बस अब रमन भल्ला की याद्दाश्त के लौट आने का इंतज़ार है, जिससे कि सिम्मी और परम की हरकतों पर से पर्दा उठ सके और रमन-इशिता फिर से एक हो जाएं।

ये भी पढ़ें – 

क्या सच में गुड न्यूज़ सुनाने वाली हैं दिव्यांका त्रिपाठी?

इस तरह दिव्यांका त्रिपाठी पर प्यार बरसाते हैं विवेक दहिया!

Read More From एंटरटेनमेंट