Honeymoon Ideas

हनीमून पर किसी नई जगह जाना चाहते हैं तो ये हैं टॉप 6 ऑफबीट हनीमून डेस्टिनेशंस

Richa Kulshrestha  |  Jul 2, 2018
हनीमून पर किसी नई जगह जाना चाहते हैं तो ये हैं टॉप 6 ऑफबीट हनीमून डेस्टिनेशंस

शादी के बाद हनीमून का ट्रिप किसी की भी जिंदगी में एक खास यादगार होता है। लेकिन हनीमून पर कहां जाना है, कब जाना है और कितने दिनों के लिए जाना है, इस बारे में शादी से काफी पहले से तय कर लेना बेहद जरूरी है। इसकी वजह यह है कि शादी के सीजन में ज्यादातर जगहों पर स्वीट्स और वहां पहुंचने के लिए फ्लाइट्स बुक हो जाती हैं और अगर आप यह सारी चीजें पहले से बुक नहीं करेंगे तो हो सकता है कि लास्ट मूमेंट्स पर आपको मनचाही जगह और फ्लाइट न मिले या फिर काफी महंगी मिले। हनीमून की प्लानिंग तो आपको ही करनी होगी, क्योंकि यह आपको ही चुनना होगा कि आप अपनी पसंदीदा किस तरह की जगह पर जाना चाहते हैं। हां, हम हनीमून डेस्टिनेशन को चुनने में आपकी  मदद जरूर कर सकते हैं।

ऑफबीट हनीमून डेस्टिनेशंस

हमको पता है कि हनीमून डेस्टिनेशन का चुनाव करते वक्त यह ध्यान रखना जरूरी होता है कि यह जगह लव बर्ड्स के लिए एकांत में और भीड़-भाड़ से दूर हो, इसलिए हमें ऐसे डेस्टिनेशन का चुनाव करना होगा जो ऑफबीट हों और जहां ज्यादा लोग न जाते हों, लेकिन साथ ही खूबसूरत नजारे वाले भी हों। ऐसे में हम आपको कुछ ऐसे नेशनल और इंटरनेशनल डेस्टिनेशन के बारे में बता रहे हैं जो भीड़-भाड़ से दूर हनीमून कपल को शांति और एकांत दे सकें, ताकि आप एकदूसरे के साथ ज्यादा से ज्यादा इंटीमेट हो सकें। बिगब्रेक डॉट कॉम (BigBreaks.com) के सीएमडी कपिल गोस्वामी से बातचीत के आधार पर हम आपको 6 ऐसे खूबसूरत डेस्टिनेशन के बारे में बता रहे हैं जो न्यूलीवेड हनीमून कपल के लिए बेस्ट हैं।

1. लक्षद्वीप

कुल  36 द्वीपों का समूह लक्षद्वीप अपने सुंदर और सन किस्ड समुद्र तटों और हरे भरे नजारों के लिए जाना जाता है। लक्षद्वीप भारत का सबसे छोटा संघ राज्यक्षेत्र और द्वीपसमूह है जिसमें 32 किलोमीटर क्षेत्र वाले 36 द्वीप मौजूद हैं। कोच्चि से करीब चार सौ किलोमीटर दूर बसे लक्षद्वीप के द्वीप भले ही छोटे हों, यहां के लगून काफी बड़े हैं जिनकी दुनिया अनोखी है। देश में लक्षद्वीप ही ऐसी जगह है जहां पर्यटक धरती की सुंदरता देखने के साथ-साथ लगून की रंगीन दुनिया में भी जा सकते हैं। आपको तैरना भले ही न आए, समुद्र के भीतर की अनोखी दुनिया को देख सकते हैं। अगर तैरना आता हो तो स्कुबा डाइविंग के जरिए सागर की तलहटी में हजारों किस्म की मछलियों, मूंगों (कोरल) कछुओं, आक्टोपस और दूसरे सम्रुद्री जीवों को देखने का आनंद ले सकते हैं। लक्षद्वीप में अगर पानी जमकर बरसता है, तो सूरज की किरण भी भरपूर चमकती हैं। यहां के हर द्वीप से सूर्यादय और सूर्यास्त का रंगीन नजारा देखा जा सकता है। सूर्यास्त के समय लगून पर डूबते सूरज की किरणों के अनोखे रंग अद्भुत पैदा करते हैं। लक्षद्वीप द्वीपों में प्रवेश सीमित है। लक्षद्वीप प्रशासन द्वारा इन द्वीपों की यात्रा के लिए एक को एक प्रवेश परमिट जारी करने की आवश्यकता है।

2. खजियार

अगर आपको हिमाचल प्रदेश के शिमला और मनाली काफी भीड़-भाड़ वाले डेस्टिनेशन लगते हैं तो आपके लिए हिमाचल प्रदेश का खूबसूरत डेस्टिनेशन खजियार बेस्ट रहेगा। ‘खजियार’ को दुनिया के 160 मिनी स्विट्जरलैंड में से एक माना जाता है। खूबसूरत खजियार का मौसम भी बेहद खूबसूरत रहता है। ऊंचे- ऊंचे चीड़ देवदार के हरे-भरे पेड़, नर्म मुलायम मखमली हरियाली और खूबसूरत सफेद पहाड़ आपको शांति और मानसिक सुकून देते हैं। यहां की एकांत वादियां आपको यूरोप के स्विट्जरलैंड का सा एहसास कराती हैं। यहां की खूबसूरत पहाडियां, चारों ओर की हरियाली, वादियां किसी भी हनीमून कपल को मदहोश कर सकती हैं।

3. तवांग

अरुणाचल प्रदेश के सबसे पश्चिम में स्थित तवांग जिला अपनी रहस्यमयी और जादुई खूबसूरती के लिए जाना जाता है। समुद्र तल से 10 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित इस जिले की सीमा उत्तर में तिब्बत, दक्षिण-पूर्व में भूटान और पूर्व में पश्चिम कमेंग के सेला पर्वत श्रृंखला से लगती है। माना जाता है कि तवांग शब्द की उत्पत्ति तवांग टाउनशिप के पश्चिमी भाग के साथ-साथ स्थित पर्वत श्रेणी पर बने तवांग मठ से हुई है। ‘ता’ का अर्थ होता है- ‘घोड़ा’ और ‘वांग’ का अर्थ होता है- ‘चुना हुआ।’ भारत के अन्य हिल स्टेशनों की तरह पर्यटकों के लिए अत्यधिक आकर्षण का केंद्र न होने के बावजूद तवांग यहां के नैसर्गिक सौंदर्य और गुफाओं के लिए विश्व भर के पर्यटकों को पसंद है, जिसका आनंद उठाने के लिए यहा काफी संख्या में देशी और विदेशी पर्यटक यहां हर साल आते हैं।

4. शिलांग

देश की सात सिस्टर्स यानि पश्चिमोत्तर के मेघालय का खूबसूरत शहर है शिलांग जो हनीमून के लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन माना जाता है। शिलांग को ईस्ट का स्कॉटलैंड भी कहा जाता है जो अपने खूबसूरत झीलों और झरनों के अलावा घने जंगलों के लिए भी जाना जाता है। शिलांग एक छोटा-सा शहर है जिसे पैदल घूमकर देखा जा सकता है। शिलांग और उसके आसपास अनेक दर्शनीय स्थल हैं। समुद्र तल से करीब 1900 मीटर ऊंची शिलांग पीक शिलांग की सबसे ऊंची चोटी है। यहां से आप पूरे शहर का खूबसूरत नजारा देख सकते हैं. यह शहर का एक ऐसा पर्यटन स्थल है, जहां सबसे ज्यादा पर्यटक आते हैं। माना जाता है कि इसी पर्वत के कारण इस शहर का नाम शिलांग पड़ा। यहां के स्थानीय लोगों का मानना है कि उनके देवता लीशिलांग इस पर्वत पर रहते हैं। शिलांग में वेस्टर्न कल्चर के चलते साल भर अनेक म्यूजिकल ईवेंट्स भी होते रहते हैं जो इस जगह को काफी लाइवली बनाते हैं।

5. वियतनाम

प्राकृतिक खूबसूरती और संस्कृति का परफेक्ट संगम है वियतनाम जो दक्षिणपूर्व एशिया का एक सुंदर देश है। भारत के नजदीक होने की वजह से इसे एक परफेक्ट हनीमून डेस्टिनेशन कहा जाता है। वियतनाम का अनदेखा समुद्र तट एक ‘एस’ आकार में 3,444 किलोमीटर की दूरी तक दक्षिण चीन सागर दौर में थाइलैंड की खाड़ी में हैलंग खाड़ी के उत्तर, फु क्वेक द्वीप तक फैला हैं। यह भी काफी इंटरेस्टिंग फेक्ट है कि वियतनाम के उत्तरी पहाड़ों में ऊपर की ओर, पिछले कुछ पीढ़ियों के लिए प्रत्येक शनिवार रात ‘प्रेम बाजार’ यानि Love Market का आयोजन किया जाता है। यहां की असीम प्राकृतिक खूबसूरती किसी का भी मन मोहने के लिए पर्याप्त है।

6. टर्की

अगर आप और आपके पार्टनर को इतिहास और कल्चर पसंद है तो टर्की आपके हनीमून डेस्टिनेशन के लिए बेहतरीन ऑप्शन है। यूरोप और एशिया का मिलाजुला टर्की अपने खास कल्चर के लिए जाना जाता है। यहां अपने हनीमून के दौरान आप केव रिजॉर्ट, ट्रेडिशनल टर्किश स्पा, सेंसुअल टर्किश बाथ और रोमांटिक फायटन राइड्स का आनंद उठा सकते हैं। यहां का खूबसूरत आर्किटेक्चर, लाइवली बाजार और अनदेखे समुद्र तट के साथ साथ जीवंत नाइटलाइफ आपको एक अनोखा अनुभव देने के लिए हरदम तैयार रहते हैं और यही वजह है कि यह हनीमूनर्स के लिए एक ऐसा डेस्टिनेशन माना जाता है जिसका कि अनेक लोग सपना देखते हैं।

इन्हें भी देखें –

1. कम खर्च में मनाएं हनीमून, ये हैं 6 इंटरनेशनल बजट डेस्टिनेशंस
2. हनीमून कपल्स के लिए टॉप 7 लग्ज़री रिज़ॉर्ट जहां वे बार-बार जाना चाहेंगे
4. 15 अनोखे अनुभवों वाला यादगार हनीमून मनाने के लिए पेरू जाएं
5. भारतीय ट्रैवलर्स के लिए टॉप 10 नेशनल और इंटरनेशनल मॉनसून डेस्टिनेशन – 2018

Read More From Honeymoon Ideas