एंटरटेनमेंट

रॉकी और रानी की पहली झलक आई सामने, कुछ हटके लव स्टोरी में दिखेगा रणवीर-आलिया का रोमांस

Megha Sharma  |  Aug 20, 2021
रॉकी और रानी की पहली झलक आई सामने, कुछ हटके लव स्टोरी में दिखेगा रणवीर-आलिया का रोमांस

बॉलीवुड इंडस्ट्री के जाने-माने डायरेक्टर और प्रोड्यूसर करण जौहर (Karan Johar) ने पिछले महीने ही अपनी नई फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी का फर्स्ट पोस्टर लॉन्च किया था। करण इस फिल्म के जरिए लगभग 5 साल बाद फिर से निर्देशक की भूमिका निभाते दिखाई देंगे। करण जौहर ने इससे पहले ऐश्वर्या राय, रणबीर कपूर और अनुष्का शर्मा की फिल्म ऐ दिल है मुश्किल को डायरेक्ट किया था। इसी बीच हाल ही में रॉकी और रानी की प्रेम कहानी की पहली झलक भी साझा की गई है। इस फिल्म को लेकर करण के साथ-साथ आलिया भट्ट (Alia Bhatt) और रणवीर सिंह (Ranveer Singh) भी काफी उत्साहित हैं। बता दें कि इस फिल्म में आलिया और रणविर सिंह के साथ-साथ धर्मेंद्र, जया बच्चन और शबाना आजमी भी दिखाई देंगे। 

शुक्रवार सुबह ही रणवीर सिंह ने फिल्म की तैयारियों का एक वीडियो शेयर किया है। शेयर किए गए वीडियो में आप फिल्म का सेट देख सकते हैं और साथ ही करण जौहर वॉइस ओवर देते हुए सुनाई दे रहे हैं। वीडियो में करण कहते हैं, रॉकी और रानी तैयार हैं तो चलिए उनकी प्रेम कहानी की शुरुआत करते हैं। आप वीडियो में आलिया भट्ट को अलग-अलग साड़ियों में देख सकते हैं। जानकारी के अनुसार फिल्म में आलिया देसी लुक में दिखाई देंगी और रणबीर मोर्डन लुक में दिखाई देंगे। फिल्म की जानकारी मिलते ही फैंस के बीच उत्साह है और लगता है कि दोनों की ये प्रेम कहानी काफी दिलचस्प होने वाली है। 

बता दें कि करण जौहर द्वारा डायरेक्टिड इस फिल्म को हिरू यश जौहर, करण जौहर और अपूर्व मेहदा द्वारा प्रोड्यूस किया जा रहा है और फिल्म का पार्टनर वायकॉम 18 है। इस फिल्म की कहानी इशिता मोइत्रा, शशांक खेतान और सुमित रॉय ने लिखी है। इस फिल्म को 2022 में रिलीज किया जाएगा। 

गौरतलब है कि आलिया भट्ट जल्द ही संजय लीला भंसाली की फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी में दिखाई देने वाली हैं तो वहीं रणवीर सिंह भी 83 में नजर आएंगे। 

POPxo की सलाह: MyGlamm की ग्लो स्किनकेयर रेंज के साथ रखें अपनी त्वचा का ख्याल।

Read More From एंटरटेनमेंट