एस्ट्रो वर्ल्ड

राशि के अनुसार जानिए कौन-सा रंग आपके लिए है लकी

Archana Chaturvedi  |  Apr 9, 2018
राशि के अनुसार जानिए कौन-सा रंग आपके लिए है लकी

हर रंग कुछ कहता है और हर रंग की अपनी अलग शक्ति होती है। जहां कोई रंग किसी के लिए लकी साबित होता है तो वहीं किसी के लिए वही रंग अनलकी। ज्योतिष के मुताबिक अगर सफलता पानी है तो अपनी राशि के मुताबिक ही रंग का चुनाव करना चाहिए। क्योंकि ये रंग आपके जीवन में पॉजिटिविटी लाते हैं और जीवन की सारी मुश्किलों को हल कर देते हैं। तो राशि के अनुसार जानिए कौन सा रंग आपके लिए है लकी –

मेष (21 मार्च – 19 अप्रैल)

इस राशि का ग्रह मंगल है, इसलिए लाल रंग हमेशा ही आपके लिए लकी साबित होता है। लाल रंग हमारे अंदर एक गज़ब सी शक्ति को पैदा कर देता है। दूसरे शब्दों में ये रंग एनर्जी का प्रतीक है। इसके अलावा आपके लिए सफेद, लेमन ग्रीन या सी ग्रीन रंग भी ठीक रहेंगे।

वृषभ ( 20 अप्रैल – 20 मई)

पृथ्वी तत्व की राशि है वृषभ जिसका शुभ रंग हरा होता है। इस राशि के लोगों के लिए पीले और हरे रंग के मेल से बने रंग शुभ माने जाते हैं। वैसे भी आंखों को सुकून देने वाला हरा रंग प्रकृति का प्रतीक है। इस राशि के लोगों को खासतौर पर लाल रंग से दूर रहना चाहिए।

मिथुन (21 मई – 21 जून)

इस राशि के लोगों के लिए पीला रंग शुभ माना जाता है। दरअसल ये बेहद बुद्धिमान और क्रिएटिव होते हैं और पीला रंग बुद्धि, मन और प्रेरणात्मक विचारों का प्रतीक है। इस रंग का इस्तेमाल करने से आप किसी भी काम में सफलता पा सकते हैं। ये आपको निराशावादी नहीं होने देगा। हमेशा पॉजिटिव रखेगा।

कर्क (22 जून – 22 जुलाई)

इस राशि के लोग चंद्रमा से प्रभावित होते हैं इस कारण उन्हें मानसिक अशांति हमेशा परेशानी देती है। इसलिए इन्हें सफेद रंग का ज्यादा से ज्यादा  इस्तेमाल करना चाहिए। ये मन और भावनाओं दोनों को नियंत्रित करता है। ये रंग उन्हें एनर्जी देता है और कभी कमजोर नहीं पड़ने देता।

सिंह (23 जुलाई- 22 अगस्त)

इस राशि का स्वामी ग्रह सूर्य होता है। ये लोग अपने आत्मविश्वास के दम पर समाज में अपनी एक पहचान बनाते हैं, जल्दी किसी के सामने सर नहीं झुकाते। सूर्य से प्रभावित होने के कारण इन्हें कॉपर, व्हाइट या गोल्डन कलर्स और इनके शेड्स इस्तेमाल करने चाहिए। ये रंग इनके लिए भाग्यशाली माने जाते हैं।

कन्या (23 अगस्त – 22 सितम्बर)

पृथ्वी तत्व की राशि होने के कारण इसका शुभ रंग गहरा भूरा या नीला है। इस राशि के लोगों को शुभ कामों में भूरे रंग और गहरे नीले रंग का इस्तेमाल करना चाहिए। ये रंग आत्मविश्वास जगाते हैं और जीवन के हर पहलू में बैलेंस बनाए रखने में भी कामयाब रहते हैं।

तुला (23 सितम्बर – 22 अक्टूबर)

इस राशि का स्वामी शुक्र ग्रह होता है। ये लोग अपने ग्रेस और स्टाइल के लिए जाने जाते हैं। इस राशि का शुभ रंग गुलाबी होता है। गुलाबी रंग न केवल सौभाग्य का प्रतीक है, बल्कि इसकी शोभा हर रंग से न्यारी है। वहीं हल्का पीला रंग भी इनके लिए सही माना जाता है।

वृश्चिक (23 अक्टूबर – 21 नवंबर)

इसका स्वामी मंगल है तो इस राशि के लोगों के लिए मैरून रंग शुभ माना जाता है। साथ ही काला रंग भी इनके लिए काफी हद तक शुभ माना जाता है। इस राशि के लोग एनर्जी से भरपूर होते है व हर मामले में उत्तेजित भी जल्दी हो जाते हैं। इसी वजह से उनके लिए काला या मैरून रंग शांतिदायक होता है।

धनु (22 नवंबर – 21 दिसम्बर)

इस राशि के लोगों के लिए बैंगनी रंग लकी माना जाता है। वैसे भी ये लोग मैच्योर चीजों को पसंद करते हैं इसलिए इन्हें बैंगनी रंग का इस्तेमाल ज्यादा से ज्यादा करना चाहिए। बैंगनी रंग विलासिता और भोग का रंग है। इसके प्रयोग से ‘काम’ भाव मजबूत होता है। ये उनमें आत्मविश्वास जगाता है और उन्हें कभी निराश नहीं होने देता।

मकर (22 दिसम्बर – 19 जनवरी)

इस राशि के स्वामी ग्रह शनिदेव हैं जिन्हें काला और नीला रंग विशेष रूप से पसंद है। इस वजह से इस राशि के लोगों को भी काला, भूरा, खाकी और ग्रे रंग के शेड्स इस्तेमाल करने चाहिए। ये रंग उनकी रक्षा करते हैं साथ ही तरक्की के रास्ते भी खोल देते हैं।

कुंभ (20 जनवरी – 18 फरवरी)

इस राशि के लोगों को सफलता पाने के लिए हल्का नीला, आसमानी नीला रंग जैसे शेड्स इस्तेमाल करने चाहिए। इससे आप हर जगह जीत हासिल कर सकते हैं। नीला रंग प्रगति और सकारात्मक परिवर्तन का रंग है, जोकि हमेशा आपको सेहतमंद रखेगा।

मीन ( 19 फरवरी – 20 मार्च)

मीन राशि का स्वामी गुरु है। इसलिए इन्हें नारंगी, फालसाई, पीले व केसरिया रंग के शेड्स इस्तेमाल करने चाहिए। ये इन्हें सुकून देने के साथ ही सफलता की ऊंचाइयों तक भी पहुंचाता है।

इन्हें भी पढ़ें –

1.  Zodiac Fashion: कितनी स्टाइलिश है आपकी राशि? 
2.  हर रंग कुछ कहता है… जानिए क्या?! 
3.  राशि के अनुसार जानिए अपने पार्टनर का नेचर 
4.  #ZodiacFriends: आपकी राशि बताती है कैसे दोस्त हैं आप…
5. हर रंग कुछ कहता है जानिए क्या

Read More From एस्ट्रो वर्ल्ड