एंटरटेनमेंट

कृति सेनन ने शेयर की पोस्ट, लिखा- ”पहले वो आपके लिए लड़ते हैं और फिर…”

Megha Sharma  |  Sep 18, 2020
कृति सेनन ने शेयर की पोस्ट, लिखा- ”पहले वो आपके लिए लड़ते हैं और फिर…”

बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन (Kriti Sanon) अपनी एक्टिंग के अलावा अपनी कविताओं के लिए भी मशहूर हैं। वह अक्सर ही सोशल मीडिया पर बेबाकी से अपने विचार, कविताओं के ज़रिए शेयर करती रहती हैं। इसी बीच हाल ही में कृति सेनन ने सोशल मीडिया पर एक कृप्टिक पोस्ट शेयर किया है। माना जा रहा है कि कृति ने इस पोस्ट को सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) के लिए लिखा है। 

अपनी इस पोस्ट में कृति सेनन ने लिखा, ”पहले वो आपके लिए लड़ते हैं, फिर वो आपस में लड़ने लगते हैं। यह एक ऐसा मुश्किल वक्त है, जिसे रोका नहीं जा सकता है। और अब यह सिर्फ तुम्हारे लिए नहीं रह गया है बल्कि उनके लिए हो गया है या फिर शायद ये पहले से ही उन्हीं के लिए था।”

कृति सेनन की इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर फैन्स काफी पसंद कर रहे हैं। फैन्स का मानना है कि कृति ने यह पोस्ट सुशांत सिंह के लिए लिखा है। साथ ही बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट, राधिका मदान, एक्टर अर्जुन कपूर, वरुण धवन समेत कई अन्य सितारों ने भी कृति की इस पोस्ट पर रिएक्ट किया है। 

हालांकि, केवल कृति ही ऐसी नहीं है, जिन्हें ये लगता है बल्कि टीवी एक्ट्रेस काम्या पंजाबी (Kamya Panjabi) ने भी कुछ वक्त पहले एक ट्वीट किया था। अपने इस ट्वीट में काम्या ने लिखा था, ”जस्टिस फॉर सुशांत सिंह राजपूत अब जस्टिस फॉर रवि किशन बन गया है। कल कोई और होगा और फिर कोई और… सुशांत सिंह राजपूत अब कहां गया? अब कौन गटर में है, किसने ड्रग्स ली और किसे Y सिक्योरिटी मिल रही है… इन सब में सुशांत कहां है?”

गौरतलब है कि सुशांत सिंह राजपूत मामले में कृति का नाम 2 बार सामने आया है। पवाना फार्महाउस से मिले कुछ नोट्स में सुशांत सिंह राजपूत की टू-डू लिस्ट में कृति सेनन का नाम भी मिला था। इसमें लिखा था कि वह उनके साथ कुछ वक्त बिताना चाहते हैं। कृति ने सुशांत की मौत के बाद उनके लिए एक इमोशनल पोस्ट भी लिखा था।

कृति सेनन आखिरी बार फिल्म ”हाउसफुल 4” और ”पानीपत” में नज़र आई थीं। फिल्म ”हाउसफुल” में वह अक्षय कुमार के साथ अहम भूमिका में नज़र आई थीं। वहीं फिल्म ”पानीपत” में वह अर्जून कपूर के साथ लीड रोल में नज़र आई थीं। वह जल्द ही फिल्म ”मिमी” में नज़र आने वाली हैं। इस फिल्म की शूटिंग से कृति की एक तस्वीर भी वायरल हुई थी। इस तस्वीर में वह बेबी बंप के साथ नज़र आई थीं।

Read More From एंटरटेनमेंट