Hindi

इंफाल से पहले भी भारत में कई बार देखा गया UFO, जानिए कब-कब और कहां

Archana Chaturvedi  |  Nov 24, 2023
इंफाल से पहले भी भारत में कई बार देखा गया UFO, जानिए कब-कब और कहां

इस बात को पूरी तरह से झुठलाया नहीं जा सकता है कि इस दुनिया में एलियंस का अस्तित्व नहीं है। क्योंकि किसी दूसरे ग्रह के लोगों के लिए हम भी एक एलियंस ही हैं। एक नहीं बल्कि कई बार दुनियाभर में उड़नतश्तरी जिसे UFO कहा जाता है उसे देखा गया है। यहां तक की खुद वैज्ञानिक भी मानते हैं कि गैलेक्सी में 30 से ऊपर ऐसे ग्रह हैं, जो पृथ्वी जैसे हैं, जहां जीवन हो सकता है। वैसे भारत में भी उड़नतश्तरियां (UFO) देखे जाने के तमाम मामले सामने आते हैं। 

हाल ही में इंफाल हवाई अड्डे के पास एक अज्ञात वस्तु के उड़ने की सूचना मिली थी। इसके बाद भारतीय वायुसेना (IAF) ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर किया और इसके लिए दो राफेल लड़ाकू विमान भी भेजे। ANI की खबर के अनुसार, 22 नवंबर की दोपहर में इंफाल एयरपोर्ट के पास एक यूएफओ उड़ता हुआ देखा गया। इसके बाद कुछ कमर्शियल फ्लाइट्स भी रद्द कर दी गईं। ऐसा पहली बार नहीं हुई है भारत में इंफाल से पहले भी कई बार UFO देखे गये हैं।

भारत में कब-कब और कहां देखे गये UFO | Indian destinations where UFO sightings have been reported

पिछली सदी में जब यूएफओ देखने की घटनाएं बढ़ने लगीं तो अमेरिका ने इस पर नजर रखने के साल 1948 में एक अलग विंग ही बना दी। वैसे अगर बात करें भारत की तो देश में कई बार इनके देखे जाने के दावे किए गए हैं, लेकिन ना तो उनकी प्रामाणिकता साबित हो पाई और ना ही उसकी पुष्टि हुई। आइए जानते हैं भारत में कब-कब और कहां UFO देखा गया।

दिल्ली, 1951

भारत में पहली बार एलियंस-UFO देखने की घटना साल 1951 में दिल्ली के फ्लाइंग क्लब से आई थी। फ्लाइंग क्लब के सदस्यों ने सिगार के आकार के ऑब्जेक्ट को हवा में उड़ते हुए देखा था। दावा हुआ था कि वह मैटेलिक सिगार के आकार की चीज दिल्ली फ्लाइंग क्लब हैंगर के चारों ओर तेजी से मंडरा रही थी। इस घटना को कई लोगों ने प्रत्यक्ष देखा।

हिमाचल प्रदेश, 2004

सितंबर 2004 को भारत के वैज्ञानिकों की एक टीम ने हिमाचल प्रदेश की लाहौल स्पीति घाटी में UFO देखे जाने का दावा किया था। इसे देखने का दावे करने वाली टीम में 5 भारतीय वैज्ञानिक थे, जो चंद्र ताल के पास ग्लेशियरों का अध्ययन कर रहे थे।  वैज्ञानिकों की टीम ने UFO को देखने का दावा किया। उन्होंने इस उड़ती हुई विशेष चीज को करीब 40 मिनट तक देखा।

कोलकाता, 2007

अक्टूबर 2007 को कोलकाता में UFO आसामान में उड़ता देखा गया। हालांकि लोगों ने उस घटना का वीडियो भी बनाया, लेकिन जांच में उस घटना के बारे में कुछ स्पष्ट नहीं हो सका। 

चेन्नई, 2013

साल 2013 के जून महीने में चेन्नई के लोगों ने एक अजीब से रंगबिरंगी वस्तु आसमान में गति करते हुए देखी। उसमें से 5 अलग-अलग रंग की रोशनी निकल रही थी। स्थानीय लोगों ने इसे UFO के आकार का ही बताया।

महाराष्ट्र, 2014

साल 2014 में एक हवाई जहाज के कमर्शियल पायलट ने उड़ाने भरते समय पुणे में आसमान में करीब 20 हजार फीट की ऊंचाई पर अपने जहाज के चारो ओर नीले रंग की एक रहस्यमयी चीज को मंडराते हुए देखा था। उसने इसकी जानकारी मुंबई एयर ट्रैफिक कंट्रोल को भी दी थी। 

केरल, 2014

केरल के कोच्चि शहर में साल 2014 में आसामान बेहद प्रकाशयुक्त रंगबिरंगी रहस्यमयी उड़नतश्तरी जैसी वस्तु देखी गई। इस घटना को वहां के लोगों ने कैमरों में भी कैद किया।

उत्तर प्रदेश में कई बार

23 जुलाई 2014 को उत्तर प्रदेश के लखनऊ शहर में आसमान में लोगों ने UFO देखे जाने का दावा किया। स्थानीय लोगों का कहना था कि उन्होंने आसमान में चमकती रहस्यमयी वस्तु देखी। इस घटने के बाद एयरफोर्स को सतर्क भी किया गया।

उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर में पहली बार 2005 में त्रिभुज आकार का यूएफओ देखा गया। जिसे देख लोग हैरत में रह गए। जिसके बाद साल 2014 व 2015 में भी आग के गोले के आकार का यूएफओ देखा गया। इसके बाद साल 2017 में भी तेज प्रकाश की किरण से उत्पन्न हुए आकार को यूएफओ देखने का दावा किया गया। इसके अलावा साल 2015 में कानपुर शहर में भी उड़नतश्तरी देखी गई।

पंजाब, 2021

साल 2021 में पंजाब के लुधियाना में कोहरे के समय अजीबो-गरीब प्रकाशपुंज देखा गया, जिसे UFO होने का दावा किया गया। उसकी गति इतनी ज्यादा तेज थी कि वो सैकेंड़ों में आखों के सामने से ओझल हो गया।

Read More From Hindi