लाइफस्टाइल

जानिए किस राशि के लोगों को किस फील्ड में बनाना चाहिए अपना करियर

Archana Chaturvedi  |  Mar 12, 2019
जानिए किस राशि के लोगों को किस फील्ड में बनाना चाहिए अपना करियर

आज हर कोई अपने करियर (Career) को लेकर दुविधा में रहता है कि वो कौन सा ऐसी लाइन चुने, जिसमें वो सफल हो सके। हमारा आने वाला समय और करियर कैसा होगा यह जान पाना तो बहुत मुश्किल है पर आपको बता दें कि आप ये समस्या अपनी राशि के अनुसार भी सुलझा सकते हैं। जी हां, ज्योतिष के मुताबिक अगर आप अपनी राशि के अनुसार करियर का चुनाव करते हैं तो सफलता जरूर मिलती है। तो आइए जानते हैं कि किस राशि के लोगों को किस फील्ड में अपना करियर बनाना चाहिए।

मेष (21 मार्च – 19 अप्रैल)

इस राशि के लोग काफी एनर्जेटिक और जोशीले होते हैं। इनकी ऊर्जा ही इनकी ताकत होती है। मेष राशि का स्वामी ग्रह मंगल होता है इसीलिए इनमें लीडरशीप की भावना दूसरी राशि के लोगों की तुलना में अधिक होती है। इसीलिए इन्हें राजनीति, पुलिस, सेना या फिर एडवरटाइजिंग जैसे फील्ड में अपना करियर बनाना चाहिए।

वृषभ ( अप्रैल – 20 मई)

इस राशि का स्वामी ग्रह शुक्र होता है, जोकि धन- वैभव, रिश्ते, सौंदर्य प्रधान जैसे विषयों को प्रभावित करता है। ये लोग जन्म से ही जिद्दी स्वभाव के होते हैं। अगर कोई चीज ठान लेते तो उसे किसी भी हाल में पूरा करते हैं। मेहनती और जुनूनी होने के कारण इन्हें मीडिया, सिनेमा, संगीत और कला के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहिए।

मिथुन (21 मई – 21 जून)

इस राशि का स्वामी ग्रह बुध होता है। ये लोग बातों के बेताज बादशाह होते हैं। कैसे और किसे अपना दीवाना बनाना है ये उसमें मास्टर होते हैं। साथ ही इनका ऑब्जर्वेशन और कंसंट्रेशन भी जबरदस्त होता है इसीलिए इन्हें ट्रेवल, मैनेजमेंट, एजुकेशन, लेखन और साहित्य के क्षेत्र में अपना प्रोफेशन चुनना चाहिए।

कर्क (22 जून – 22 जुलाई)

इस राशि का स्वामी ग्रह चंद्रमा होता है। ये लोग अपने उत्तम विचारों और कमाल की कल्पना शक्ति के कारण जाने जाते हैं। इसीलिए इन्हें साइंस, रिसर्च, फोटोग्राफी, पत्रकारिता, फूड बिजनेस आदि में अपना करियर चुनना चाहिए।

आपके जोडिएक साइन की क्वालिटीज़

सिंह (23 जुलाई- 22 अगस्त)

इस राशि का स्वामी ग्रह सूर्य होता है। ये लोग फुल ऑफ एनर्जी और पॉजिटिव सोच के मालिक होते हैं। ये जहां भी जाते हैं अपनी छाप जरूर छोड़ आते हैं। अलग और खास दिखने की वजह से इन्हें प्रशासनिक, सिविल सर्विस, फैशन डिजाइनर, सिनेमा आदि फील्ड में अपना करियर बनाने के बारे में सोचना चाहिए।

कन्या (23 अगस्त – 22 सितम्बर)

इस राशि का स्वामी ग्रह बुध होता है। इन्हें दुनिया की अच्छी समझ होती है और साथ लोगों के व्यक्तित्व की भी। ये लोग अच्छी तरह से जानते हैं कि अपनी एनर्जी किसमें लगानी है। इनके परफेक्शन का हर कोई कायल होता है। इसीलिए ये एडिटिंग, साइंस, जनसंचार, कंप्यूटर, सलाहकार, चिकित्सा आदि क्षेत्रों में अपना करियर चुनते हैं।

तुला (23 सितम्बर – 22 अक्टूबर)

इस राशि का स्वामी ग्रह शुक्र होता है, इसीलिए गुस्से पर और फिजूल की बातों पर कंट्रोल करना इन्हें बखूबी आता है। सोशल लाइफ क्या होती है और उसे अच्छे से कैसे निभाया जाता है इनसे सीखना चाहिए। काम और परिवार को एक साथ मैनेज करने का हुनर इनमें कूट- कूट कर भरा होता है इसीलिए ये लोग ज्यादातर मार्केटिंग, बैंकिंग, डेयरी, बिजनेस, लेखन, मनोविज्ञान, सोशल सर्विस में करियर बनाते हैं।

वृश्चिक (23 अक्टूबर – 21 नवंबर)

इस राशि का स्वामी ग्रह मंगल होता है। ये लोग बेहद चतुर और तेज दिमाग के होते हैं। इन्हें सर्वगुण संपन्न कहना गलत नहीं होगा क्योकि ये हर काम को बेहतरीन तरीके से करते हैं और वो भी शांत रहकर।  ये लोग ज्यादातर, एजुकेशन, आर्ट एंड क्राफ्ट, जासूसी, दर्शनशास्त्र, इंजीनियरिंग, साइंटिस्ट, डॉक्टरी आदि फील्ड में अपना करियर बनाते हैं।

धनु (22 नवंबर – 21 दिसम्बर)

इस राशि का स्वामी ग्रह गुरू होता है। ये लोग सिंपल लिविंग हाई थिकिंग पर विश्वास करते हैं और उसी राह पर भी चलते हैं। इस राशि के लोगों की ताकत होती है इनकी क्रिएटिविटी, जिससे ये किसी बोरिंग काम को भी दिलचस्प बना देते हैं।  ये लोग ज्यादातर अध्यापन, संपादन, वॉइस ओवर आर्टिस्ट, मोटिवेशन स्पीकर, खेल आदि जैसे फील्ड में अपना लक आजमाते हैं।

मकर (22 दिसम्बर – 19 जनवरी)

इस राशि का स्वामी ग्रह शनि होता है। ये लोग काफी महत्वाकांक्षी भी होते हैं। हर काम को पूरी लगन और मेहनत के साथ समय पर ही पूरा करते हैं। इन्हें ऐसे काम करना ज्यादा पसंद होता है जो इन्हें भीड़ से अलग दिखाए। इसीलिए ये लोग सोशल मीडिया, एयरलाइन्स, ट्रैवल, एक्टिंग, फिल्म मेकिंग, होटल, कुंकिंग, गार्डनिंग, आईटी सेक्टर में अपनी करियर चुनते हैं।  

कुंभ (20 जनवरी – 18 फरवरी)

इस राशि का स्वामी ग्रह शनि होता है। इन्हें हर दशा में खुद को ढालना आता है। कोई भी बदलाव इनको बेचैन नहीं करता। अपनी जबरदस्त सहनशक्ति और धैर्य जैसी खूबी के चलते ये लोग पब्लिक फोरम, वकालत, एयरफोर्स, रिसर्च वर्क, शेयर मार्केट, अकांउट, ज्योतिष, इंटीरियर डिजाइनिंग आदि क्षेत्रों में करियर बनाने की कोशिश करते हैं।

मीन ( 19 फरवरी – 20 मार्च)

इस राशि का स्वामी ग्रह गुरू होता है। ये लोग काफी केयरिंग नेचर के होते हैं और हमेशा दूसरों की मदद के लिए सबसे पहले खड़े होते हैं। इनकी इसी खूबी के कारण इन्हें नर्सिंग, एजुकेशन, सोशल सर्विस, थेरेपिस्ट, बी.पी.ओ, बीमा आदि सेक्टर में अपना करियर बनाने की सलाह दी जाती है।  

ये भी पढ़ें – 

अपनी हाथों की रेखाओं से जानिए कैसा होगा आपका करियर 
इंटरव्यू में सफल होने के लिए जरूर ट्राई करें ये वास्तु टिप्स
अपनी राशि के अनुसार जानिए कैसी गर्लफ्रेंड हैं आप
राशि के अनुसार जानिए क्या है आपकी ताकत और क्या है आपकी कमजोरी

Read More From लाइफस्टाइल