लाइफस्टाइल

Chaitra Navratri 2023: नवरात्रि पर बन रहे हैं ये विशेष संयोग जानिए क्या है इस बार मां दुर्गा की सवारी और कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त

Archana Chaturvedi  |  Mar 20, 2023
Chaitra Navratri 2023: नवरात्रि पर बन रहे हैं ये विशेष संयोग जानिए क्या है इस बार मां दुर्गा की सवारी और कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त

नवरात्रि में 9 दिनों तक देवी के अलग-अलग रूपों की पूजा की जाती है। कहा जाता है कि इन दिनों देवी का व्रत और पूजा करने के बाद देवी स्वयं धरती पर आती हैं और अपने भक्तों के दुख हर लेती हैं। नवरात्रि के नौ दिन बेहद खास होते हैं। इसीलिए लोग इस दौरान नौ दिन व्रत-अनुष्ठान और विशेष पूजा-पाठ करते हैं। मान्यता है कि ऐसा करने से जीवन के तमाम संकट दूर होते हैं और मनोकामना पूरी होती है। घर में परिवार में खुशियों का माहौल होता है। सभी भक्तजन एक-दूसरे को नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। 

इस बार चैत्र नवरात्रि की शुरुआत 22 मार्च से हो रही है, जो 30 मार्च तक चलेगी। चैत्र नवरात्रि शुरू होने के साथ ही नया हिंदू नव वर्ष विक्रम संवत भी शुरू हो जाएगा। इस बात चैत्र नवरात्रि पर कुछ शुभ मुहूर्त और विशेष संयोग बन रहे हैं। साथ ही घटस्थापना का शुभ मुहूर्त क्या ये भी जानते हैं।

शुभ संयोग में हो रही है नवरात्रि की शुरूआत

नवरात्रि के प्रारंभ के समय में उत्तर भाद्रपद नक्षत्र रहेगा. शास्त्रों में इस नक्षत्र को ज्ञान खुशी और सौभाग्य का सूचक माना गया है. ये नक्षत्र सूर्योदय से लेकर दोपहर 3:32 तक रहने वाला है। इस बार चैत्र नवरात्रि की शुरुआत शुभ संयोग में हो रही है। ग्रहों का ये विशेष योग 19 मार्च से बनेगा। चैत्र नवरात्रि के दिन कई शुभ योग भी रहेंगे जैसे, गजकेसरी योग, बुधादित्य योग, हंस योग, शश योग, धर्मात्मा और राज लक्षण योग इस दिन रहेंगे। ऐसे शुभ संयोगों के कारण चैत्र नवरात्रि भक्तों के लिए विशेष फलदायी रहने वाली है।

नाव में सवार होकर आ रही हैं देवी मां

ऐसी मान्यता है कि मां दुर्गा नवरात्रि के दौरान पृथ्वीलोक पर आती हैं. मां दुर्गा का आगमन विशेष वाहनों से होता है। ज्योतिष शास्त्र में मां दुर्गा के वाहन का विशेष महत्व होता है।इस बार माता रानी नाव से सवार होकर आ रही हैं। ऐसे में मां दुर्गा जब नाव पर आती हैं तो यह अच्छी बारिश और अच्छी फसल का संकेत होता है। नौका वाहन के साथ मां दुर्गा के आगमन या प्रस्थान करने का अर्थ होता है कि, माता रानी से वह सबकुछ प्राप्त होगा, जो आपको चाहिए।

2023 चैत्र नवरात्रि कलश स्थापना की तिथी और शुभ मुहूर्त – 

कलश स्थापना : प्रतिपदा 22 मार्च

शुभ मुहूर्त: सुबह  6 बजकर 23 मिनट से  7 बजकर 32 तक

शुभ मुहूर्त की अवधि :1 घंटा 9 मिनट

2023 चैत्र नवरात्रि की तिथियां –

प्रथम मां शैलपुत्री पूजा – नवरात्रि दिवस 22 मार्च 2023 दिन बुधवार

द्वितीय मां ब्रह्मचारिणी पूजा – नवरात्रि दिवस 23 मार्च 2023 दिन गुरुवार

तृतीय मां चंद्रघंटा पूजा – नवरात्रि दिवस 24 मार्च 2023 दिन शुक्रवार

चतुर्थ मां कुष्मांडा पूजा – नवरात्रि दिवस 25 मार्च 2023 दिन शनिवार

पंचमं स्कंदमाता पूजा – नवरात्रि दिवस 26 मार्च 2023 दिन रविवार

षष्ठं मां कात्यायनी पूजा – नवरात्रि दिवस 27 मार्च 2023 दिन सोमवार

सप्तम मां कालरात्रि पूजा – नवरात्रि दिवस 28 मार्च 2023 दिन मंगलवार

अष्टम मां महागौरी पूजा – नवरात्रि दिवस 29 मार्च 2023 दिन बुधवार

नवम मां सिद्धिदात्री पूजा – नवरात्रि दिवस 30 मार्च 2023 दिन गुरुवार

Read More From लाइफस्टाइल