लाइफस्टाइल

Vaastu Tips: जानिए दीपावली के दिन क्या करें और क्या नहीं

Archana Chaturvedi  |  Nov 6, 2018
Vaastu Tips: जानिए दीपावली के दिन क्या करें और क्या नहीं

शास्त्रों में बताया गया है कि कार्तिक अमावस्या के दिन मनाया जाने वाला दीपावली का पर्व इसलिए भी खास है क्योंकि इस दिन समुद्र मंथन से लक्ष्मी का जन्म हुआ था। साथ ही ये दिन मनोकामना पूरी होने के लिए सर्वश्रेष्ठ दिन माना जाता है। यही कारण है कि लोग इस दिन महालक्ष्मी के आगमन के लिए उनकी आराधना करते हैं, ताकि उनकी कृपा आपके घर-परिवार पर हमेशा बरसती रहे। लेकिन इसके साथ ही यह जानना भी जरूरी है कि इस दौरान कहीं हम भूल से भी कोई ऐसी गलती न कर बैठें जिससे उम्र भर पछताना पड़े। तो आइए जानते हैं वास्तु के अनुसार दीपावली कैसे मनाएं और इस दिन ऐसा क्या न करें जिससे देवी लक्ष्मी प्रसन्न हो जाएं। साथ ही आप सबको दीपावली की शुभकामनाएं। 

वास्तु के अनुसार जानिए दीवाली वाले दिन क्या करें —

1- स्थिर लग्न में ही पूजा करें। ऐसा करने से देवी लक्ष्मी स्थाई रूप से घर में निवास करती है। इस बार स्थिर लग्न 7 नवंबर को शाम 7: 20 से 9:30 तक है।

2- हमेशा गणेश भगवान के दायें ही लक्ष्मी जी की मूर्ति की स्थापना करें।

3- घर के आंगन और पूजा वाली जगह पर रंगोली या फिर अल्पना जरूर बनाएं। कोशिश करें इसमें गेरू और चावल के आटे का इस्तेमाल जरूर हो।

4- इन दिन विषम संख्या में ही दीप जलाने चाहिए। जैसे कि 11, 21, 51 या फिर 101 जैसी संख्या शुभ मानी जाती हैं।

5- पूजा के समय दो बड़े दीपक जलाएं, एक घी का और एक तेल का।

6- पूजा के समय ‘ॐ श्रीं हृीं श्रीं महालक्ष्म्यै नम:’ मंत्र का लगातार उच्चारण करते रहें।

7- महालक्ष्मी के पूजन में पीली कौड़ियां जरूर रखें। इससे आपके घर में कभी भी किसी चीज की कोई कमी नहीं होगी।

8- मातालक्ष्मी को बेलपत्र या फिर कमल का फूल और गणेश जी को दूर्वा जरूर चढ़ानी चाहिए।

9- लक्ष्मी पूजन में हल्दी की गांठ रखें जिसे बाद में धन वाले स्थान पर रख दें।

10- दीपावली पूजा के बाद पूरे घर में शंख या फिर घंटी बजाएं। ऐसा करने से घर में मौजूद निगेटिव एनर्जी बाहर चली जाती है।

ये भी पढ़ें -अगर चाहते हैं कि सास- बहू में न हो झगड़ा, बना रहा मां- बेटी जैसा रिश्ता तो अपनाएं ये Vastu टिप्स

वास्तु के अनुसार जानिए दीवाली वाले दिन क्या न करें —-

1- शास्त्रों के अनुसार जो लोग दीपावली के शुभ मौके पर शराब पीते हैं वे हमेशा दरिद्र रहते हैं। और उनके घर में भी हमेशा दरिद्रता ही वास करती है।

2- दीवाली वाले दिन माना जाता है कि लोग जादू- टोना बहुत करते हैं। इसीलिए इन दिन खासतौर पर  चौक-चौराहों को देखकर ही पार करना चाहिए। किसी भी अनजान चीज को न छुएं।

3- इस दिन घर पर झाड़ू खुले छत के नीचे न रखें। इसे छुपाकर रखना चाहिए।

4- मान्यताएं हैं कि भूलकर भी दीवाली की रात पति- पत्नी को शारीरिक संबंध नहीं बनाने चाहिए।

5- रंगोली में काला और भूरे रंग का इस्तेमाल न करें।

6- घर में किसी भी तरह का कबाड़ या फिर टूटी- फूटी वस्तुएं नहीं रखनी चाहिए। खासतौर पर पूजा वाले स्थान पर।

7- दीपावली पर लोग एक- दूसरे को उपहार देते हैं। तो ऐसे में ध्यान रखिए कि किसी को चमड़े से बनी वस्तु भेंट न करें। इससे धन हानि होने का संकट बना रहता है।

8- दीपावली पूजा में काले कपड़े पहनने से बचें। वास्तु के अनुसार, किसी भी शुभ प्रसंग या पूजा में घर के किसी भी सदस्य को काले रंग के कपड़े नहीं पहनने चाहिए। ऐसा करने से देवी लक्ष्मी रूठ जाती हैं।

9- इस दिन किसी से भी झगड़ा न करें। इससे घर का माहौल भी खराब हो जाता है और घर में खुशियां आने की जगह संकट का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे समय में अपने मन को शांत रखकर त्योहार की खुशी का इजहार करें।

10- दीपावली की रात सोना नहीं चाहिए। माना जाता है कि दीपावली की रात घर में मां लक्ष्मीजी का आगमन होता है।

ये भी पढ़ें -लांच हो गया पतंजलि परिधान, अंडरवियर से लेकर जींस टी- शर्ट तक सब मिलेगा यहां

भूलकर भी धनतेरस के दिन न खरीदें ये सामान, सौभाग्य नहीं बल्कि दुर्भाग्य देगा दस्तक

दिवाली रंगोली डिज़ाइंस

Read More From लाइफस्टाइल