एंटरटेनमेंट

जानें, क्यों इन टीवी सीरियल्स की फेमस जोड़ियाें का प्यार अधूरा रह गया

Supriya Srivastava  |  Jun 15, 2018
जानें, क्यों इन टीवी सीरियल्स की फेमस जोड़ियाें का प्यार अधूरा रह गया

वो प्यार ही क्या जो अपनी मंजिल तक न पहुंच सके। प्यार तो प्यार होता है, फिर चाहे वो छोटे और बड़े पर्दे पर चमकने वाले आपके चहेते सितारों का ही क्यों न हो। दिल टूटने का दर्द तो हर किसी को होता है। छोटे पर्दे पर जब हम अपने फेवरेट टीवी सीरियल के किरदारों की प्रेम कहानी देख रहे होते हैं तब पर्दे के पीछे एक और प्रेम कहानी चल रही होती है। छोटे परदे पर ऐसी कई जोड़ियां हैं जो रील लाइफ में प्यार करते- करते रियल लाइफ में भी एक दूसरे से प्यार करने लगीं। इनमें से कुछ जोड़ियों ने तो खुल कर सबके सामने अपने प्यार को स्वीकार किया वहीं कुछ जोड़ियों ने अपना प्यार सबकी नजरों से बचाए रखने की पूरी कोशिश की। मगर इसे वक़्त का खेल कहें या हालात की गलती कि इन जोड़ियों का प्यार ज्यादा समय तक नहीं टिक सका और इनकी प्रेम कहानियां अधूरी ही रह गईं।

आज हम आपको बता रहे हैं आपके फेवरेट टीवी सीरियल्स की उन जोड़ियों के बारे में जिनका प्यार परवान तो चढ़ा मगर अपने अंजाम तक न पहुंच सका…

दिव्यांका त्रिपाठी- शरद मल्होत्रा

टीवी की सबसे फेमस जोड़ियों में से एक रही है दिव्यांका त्रिपाठी और शरद मल्होत्रा की जोड़ी। सीरियल “बनूं मैं तेरी दुल्हन” में दोनों एक साथ पति- पत्नी के रूप में नजर आए थे। इस सीरियल के साथ दिव्यांका और शरद की जोड़ी को भी लोगों ने भरपूर प्यार दिया था। दोस्ती से शुरू हुआ इन दोनों का प्यार लगभग 8 साल तक चला। जिसके बाद दोनों के रास्ते अलग हो गए। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान दिव्यांका ने अपनी इस प्रेम कहानी के बारे में खुल कर बातें भी की, जिसमें उन्होंने बताया कि किस तरह से वो शरद के साथ अपनी रिलेशनशिप को बचाने के लिए अन्धविश्वास तक चली गईं थीं। फिलहाल दिव्यांका त्रिपाठी एक्टर विवेक दहिया के साथ खुशहाल शादीशुदा जिंदगी जी रही हैं और शरद अपनी दूसरी गर्लफ्रेंड पूजा बिष्ट के साथ ब्रेकअप के दौर से गुजर रहे हैं।      

कृतिका कामरा- करण कुंद्रा

सीरियल “कितनी मोहब्बत है” से कृतिका कामरा और करण कुंद्रा ने एक साथ छोटे पर्दे पर कदम रखा। इनकी जोड़ी को भी दर्शकों का खूब सारा प्यार मिला। पर्दे पर इश्क फरमाते हुए इन दोनों को असल जिंदगी में भी प्यार हो गया। अक्सर ये दोनों एक साथ स्पॉट किये जाने लगे और पब्लिकली दोनों ने एक दूसरे के लिए अपने प्यार को स्वीकार भी किया। हालांकि इनका रिश्ता ज्यादा लम्बा नहीं चल सका और महज कुछ ही सालों में दोनों का ब्रेकअप हो गया। एक इंटरव्यू के दौरान कृतिका कामरा ने बताया था कि उनके ब्रेकअप की कोई बड़ी वजह नहीं थी। बस दोनों अपने अपने काम में इतना मशगूल हो गए थे कि एक दुसरे के लिए समय निकालना मुश्किल हो गया था और तभी हमने अलग होने का फैसला कर लिया। कृतिका कामरा ने ये भी बताया कि वो और करण कुंद्रा अब दूसरे के अच्छे दोस्त हैं। फिलहाल करण वीजे अनुषा को डेट कर रहे हैं।   

सुशांत सिंह राजपूत- अंकिता लोखंडे

दिव्यांका त्रिपाठी और शरद मल्होत्रा के बाद अगर किसी जोड़ी के अलग होने का दर्द उनके साथ दर्शकों को भी हुआ था तो वो है सुशांत सिंह राजपूत और अंकिता लोखंडे की जोड़ी। सीरियल “पवित्र रिश्ता” में मानव और अर्चना की इस जोड़ी को लोगों ने बहुत पसंद किया। रियल लाइफ में दोनों ने अपने रिश्ते को सबके सामने स्वीकार भी किया। खबर तो ये भी आई थी कि दोनों ने छुपकर शादी कर ली है। मगर सुशांत सिंह राजपूत के फिल्मों में चले जाने के बाद जैसे इस जोड़ी को किसी की नजर लग गई और शादी की खबरों पर विराम लगाते हुए दोनों का ब्रेकअप हो गया। सुशांत आज फिल्मी दुनिया का एक जाना- माना नाम बन चुके हैं और एक्ट्रेस कृति सेनन के साथ अपने अफेयर को लेकर आए दिन चर्चा में बने रहते हैं। वहीं खबर ये भी है कि अंकिता भी जल्द ही फिल्मों में कदम रखने वाली हैं।

अनीता हंसनदानी- एजाज़ खान

सीरियल काव्यांजलि तो आपको याद ही होगा और याद होगी अंजलि और काव्य की मासूम प्रेम कहानी भी। इसी सीरियल की शूटिंग के दौरान अनीता हंसनदानी और एजाज़ खान एक दूसरे के करीब आ गए और दोनों में प्यार हो गया। हालांकि दोनों ने ही कभी भी खुल कर अपने रिश्ते पर बात नहीं की। अभी हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान एजाज़ खान ने बिना किसी का नाम लिए इस बात को स्वीकार भी किया कि उनका और अनीता का रिलेशनशिप सीरियस था। उन्होंने ही अनीता को चीट किया था, जिस वजह से उनका ब्रेकअप हो गया। फिलहाल अनीता बिज़नेसमैन रोहित रेड्डी के साथ शादी के बंधन में बांध चुकी हैं और इंस्टाग्राम पर अपने पति के साथ काफी पिक्चर्स अपलोड करती रहती हैं।    

रुबीना दिलाइक- अविनाश सचदेव

टीवी की फेमस ऑन- स्क्रीन जोड़ियों में से एक है रुबीना दिलाइक और अविनाश सचदेव की जोड़ी। सीरियल “छोटी बहू” में काम करने के दौरान दोनों में प्यार हो गया। इन दोनों ने कभी भी अपने प्यार को लोगों से नहीं छुपाया और इनकी यही बात इनके चाहने वालों को सबसे ज्यादा पसंद आई थी। मगर 5 साल के रिलेशनशिप के बाद 2013 में अचानक दोनों एक- दूसरे से अलग हो गए और दोनों के बीच ब्रेकअप हो गया। एक इंटरव्यू के दौरान रुबीना ने बताया कि ब्रेकअप के समय उन्हें लगने लगा था कि मेरे साथ ही ये सब क्यों हो रहा है। बाद में उन्हें एहसास हुआ कि ब्रेकअप ने उन्हें जिंदगी में स्ट्रॉन्ग बनाया है। बाद में अविनाश सचदेव ने एक्ट्रेस और टीवी राइटर शालमली देसाई से शादी कर ली मगर अविनाश का ये रिश्ता भी ज्यादा दिनों तक नहीं टिक सका और 2 साल बाद ही उनका तलाक हो गया। वहीं रुबीना दिलाइक अपने बॉयफ्रेंड और एक्टर अभिनव शुक्ल के साथ जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाली हैं।   

इन्हें भी देखें

तस्वीरों में देखें, पहले सीरियल से अब तक, कितनी बदल चुकी हैं आपके पसंदीदा टीवी सीरियल्स की बहुएं 
 
तस्वीरों में देखें टीवी सीरियल्स की सीधी- सादी बहुओं का हॉट एंड सेक्सी अवतार
 
अपने पसंदीदा टीवी सीरियल की बहुओं से सीखें न्यूड मेकअप की आर्ट 

जानें, कहां गुम हो गए वो टीवी सितारे जो कभी आपकी आंखों का तारा हुआ करते थे 

 

Read More From एंटरटेनमेंट