फैशन

साल 2018 की सुर्खियां बने हैं बॉलीवुड एक्ट्रेसेज़ के ये 10 रेड कारपेट लुक्स

Deepali Porwal  |  Dec 11, 2018
साल 2018 की सुर्खियां बने हैं बॉलीवुड एक्ट्रेसेज़ के ये 10 रेड कारपेट लुक्स

साल 2018 को खत्म होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं। 2019 का खास स्वागत करने से पहले हम 2018 के हर उस पल को याद करेंगे, जिसे भूलना हमारे लिए आसान नहीं है। बॉलीवुड की बात करें तो सेलिब्रिटी वेडिंग से लेकर कुछ बेहद सुपर- डुपर हिट फिल्मों तक, यह साल बेहद खास रहा है। इस साल कई ऐसे इवेंट्स हुए, जिन्हें हम हमेशा याद रखेंगे। देखिए बॉलीवुड एक्ट्रेसेस के वे 10 रेड कारपेट (red carpet) लुक्स, जो इस साल सुर्खियों का हिस्सा रहे और आने वाले कई सालों तक हम सबकी यादों का हिस्सा बने रहेंगे।

‘रानी पद्मावती’ दीपिका का जलवा

छह साल की लंबी रिलेशनशिप के बाद दीपिका पादुकोण ने 2018 में रणवीर सिंह से शादी कर ली।

2018 में हिट रहा है यह फैशन ट्रेंड

विवादित फिल्म ‘पद्मावत’, अपनी शादी के अलावा दीपिका अपने फैशन (fashion) लुक्स के कारण भी छाई रहीं।

दीपिका पादुकोण का मेट गाला का यह लुक थीम के हिसाब से भले ही नहीं था मगर डिज़ाइनर प्रबल गुरुंग के इस स्कार्लेट रेड गाउन में वे बेहद हॉट लग रही थीं।

‘क्वीन’ कंगना का हॉट अंदाज़

2018 में कंगना रनौत अपनी महत्वाकांक्षी फिल्म ‘मणिकर्णिका’ की शूटिंग में व्यस्त रहीं। इस फिल्म में वे झांसी की रानी लक्ष्मी बाई का अहम किरदार निभा रही हैं। कंगना जो भी करती हैं, उसमें छा जाती हैं। बात विवादों का हिस्सा बने रहने की हो या फैशन सेंस की, कंगना का अंदाज़ हमेशा जुदा रहा है। कान्स फिल्म फेस्टिवल में नेडरेट टैकिरोग्लू के कुटूर कैटसूट में कंगना का हॉट अंदाज़ देखने लायक रहा था।

‘राज़ी’ है आलिया का यह खास लुक

साल 2018 आलिया भट्ट के लिए काफी खास रहा। उनकी फिल्म ‘राज़ी’ ने बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर दिया और ‘ब्रह्मास्त्र’ की शूटिंग करते- करते वे और रणबीर कपूर एक- दूसरे के करीब भी आने लगे। हालांकि, आलिया के फैशन सेंस की बात करें वे किसी से भी कम नहीं हैं। एक अवॉर्ड्स नाइट में आलिया इस फिगर- हगिंग व्हाइट गाउन में नज़र आई थीं, जिसके साथ उनकी वेवी हेयरस्टाइल और मिनिमल जूलरी कमाल लग रही थी।

‘बेगम’ का अंदाज़ है जुदा

कहना गलत नहीं होगा कि 2018 में सैफ अली खान पटौदी की बेगम करीना कपूर खान से ज्यादा उनके छोटे नवाब तैमूर अली खान पटौदी मीडिया में छाए रहे। यह साल करीना के लिए भी खास रहा था, बेटे के जन्म के बाद 2018 में उनकी पहली पहली फिल्म ‘वीरे दी वेडिंग’ रिलीज़ हुई थी। बेगम को बॉलीवुड की स्टाइल क्वीन भी माना जाता है। नईम खान के इस प्लंजिंग नेकलाइन वाले गाउन में करीना कपूर ग़ज़ब ढा रही हैं।

‘धड़क’ रही हैं जाह्नवी

इस साल कई स्टार किड्स ने बॉलीवुड में डेब्यू किया था, उन्हीं में से एक हैं दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी और बोनी कपूर की बड़ी बेटी जाह्नवी कपूर। फिल्म ‘धड़क’ से अपनी एक्टिंग का कमाल दिखाने वाली जाह्नवी कपूर फैशन के मामले में भी काफी आगे हैं। अपने फर्स्ट रेड कारपेट अपीयरेंस के लिए उन्होंने राल्फ एंड रूसो का यह ऑफ शोल्डर गाउन चुना था, जो कि उन पर काफी फब रहा है।

‘द स्काई इज़ पिंक’ फॉर प्रियंका चोपड़ा

साल 2018 में प्रियंका चोपड़ा अलग- अलग कारणों से सुर्खियों में छाई रहीं। निक जोनस के साथ जोधपुर में रॉयल वेडिंग करने वाली प्रियंका चोपड़ा के लिए यह साल बेहद खास रहा। अपने रिश्ते के अलावा वे अलग- अलग इवेंट्स में अपने लुक के कारण भी चर्चा में रहीं। हालांकि, मेट गाला का उनका यह लुक भूल पाना आसान नहीं है। राल्फ लॉरेन के इस वेल्वेट गाउन और हेडड्रेस में वे बिलकुल थीम के हिसाब से ही लग रही हैं।

‘रेस’ लगाएंगी जैक्लीन फर्नांडिस

अपनी स्माइल और सलमान खान स्टारर फिल्म ‘रेस 3’ में भूमिका निभाने के अलावा बॉलीवुड एक्ट्रेस जैक्लीन फर्नांडिस इस साल अपने फैशन सेंस के कारण भी छाई रहीं। जहां हर रेड कारपेट इवेंट में एक्ट्रेसेस गाउन या ड्रेस में नज़र आती हैं, वहीं जैकी इस वाइड लेग्ड रेड पैंटसूट में अपना अलग ही जलवा बिखेर रही थीं। उनका यह लुक काफी हिट हुआ था।

तितली सी कलरफुल ऐश्वर्या राय बच्चन

पूर्व मिस वर्ल्ड और बच्चन परिवार की बहू ऐश्वर्या राय बच्चन की खूबसूरती की बराबरी आज भी कोई नहीं कर पाता है। बॉलीवुड में वापसी कर चुकीं ऐश्वर्या के लिए रेड कारपेट इवेंट्स कोई नए नहीं हैं। हालांकि, इस साल उनके इस कलरफुल गाउन ने लोगों का दिल खास तौर पर जीत लिया था। दुबई बेस्ड डिज़ाइनर माइकल सिंको के इस गाउन में ऐश्वर्या बेहद खूबसूरत लग रही थीं।

इस लुक से ‘बरेली की बर्फी’ चखेंगी कृति

कृति सैनन अपनी खास तरह की अदाकारी के लिए जानी जाती हैं। इस साल उनकी फिल्मों को काफी पसंद किया गया। एक फैशन इवेंट में कृति का यह खास अंदाज़ काफी छाया था। क्रिस्टल्स, लेयर्स और ग्लिमर से तैयार किए गए इस गाउन में कृति काफी रिफ्रेशिंग लग रही थीं।

फैशनिस्टा सोनम कपूर का जलवा

बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनम कपूर के लिए भी यह साल काफी यादगार रहा। अपने बॉयफ्रेंड आनंद आहूजा के साथ शादी के बंधन में बंधीं सोनम फिलहाल फिल्म ‘जोया’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। सोनम के रेड कारपेट लुक्स हमेशा चर्चा में रहते हैं। जियॉर्जियो अरमानी के इस प्लंजिंग नेकलाइन वाले आउटफिट को सोनम ने एक स्लीक जैकेट के साथ पेयर किया है। सोनम और आनंद इस लुक में एक पावर कपल लग रहे हैं।

ये भी पढ़ें –

एशिया की टॉप 10 सेक्सी महिलाएं

प्रेगनेंसी फैशन- नेहा धूपिया का हर लुक है हिट

इस त्योहार में घोलें फैशन के नए रंग

अपनाएं ऐश्वर्या राय बच्चन का खास फैशन

Read More From फैशन