दिव्यांका त्रिपाठी (Divyanka Tripathi) और विवेक दहिया (Vivek Dahiya) को इंडियन टेलीविजन की सबसे खूबसूरत जोड़ियों में से एक माना जाता है। फैंस के बीच ‘दिवेक’ के तौर पर लोकप्रिय यह जोड़ी आजकल मुंबई की भागदौड़ से दूर अम्बे वैली में अपनी छुट्टियां बिता रही है।
दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया अकसर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर रोमैंटिक कैप्शंस के साथ एक-दूसरे की तस्वीरें शेयर करते रहते हैं। उनके सोशल मीडिया अकाउंट को देखकर अंदाज़ा लगाया जा सकता है कि वे अपनी इन छुट्टियों में जमकर मौज-मस्ती कर रहे हैं, फिर अचानक ऐसा क्या हुआ कि दिव्यांका और विवेक के बीच तकरार हो गई?! दरअसल, दोनों की एक फोटो ट्रेंड कर रही है, जिसमें ‘ये है मोहब्बतें’ फेम दिव्यांका त्रिपाठी मुस्कुराते हुए पोज़ दे रही हैं, जबकि उनके पति विवेक दहिया उन पर भड़कते हुए से नज़र आ रहे हैं।
इस क्यूट सी फोटो के कैप्शन में विवेक दहिया ने फिल्म ‘धड़कन’ का एक मशहूर डायलॉग लिखा है। सुनील शेट्टी व फिल्म ‘धड़कन’ के फैंस को यह डायलॉग ज़रूर याद होगा - ‘मैं तुम्हें भूल जाऊं यह हो नहीं सकता… और तुम मुझे भूल जाओ यह मैं होने नहीं दूंगा...’। विवेक दहिया का यह फिल्मी कैप्शन उनके बॉलीवुड प्रेम के साथ ही दिव्यांका त्रिपाठी के प्रति उनकी अटूट मोहब्बत भी दर्शाता है। इनकी प्रेम कहानी टीवी शो ‘ये है मोहब्बतें’ के सेट से परवान चढ़ी थी और 2016 में एक ग्रैंड वेडिंग में दोनों एक-दूसरे के हो गए थे। हाल ही में दिव्यांका ने भी एक फोटो शेयर करते हुए लिखा था कि खुशियां आपके दरवाजे पर दस्तक देती रहती हैं। आपको बस उसे अंदर आने देना है!
दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया ने डांस रियलिटी शो ‘नच बलिए 8’ से ऑडियंस का दिल जीतकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली थी। टेली वर्ल्ड के खबरियों की मानें तो रोमैंटिक विवेक ने शादी से पहले दिव्यांका को काफी फिल्मी अंदाज़ में प्रपोज़ भी किया था। भले ही यह जोड़ी अब ऑनस्क्रीन साथ नज़र नहीं आती है पर दिवेक फैंस इनकी ऑफलाइन मोहब्बत देखकर काफी खुश हैं। ‘ये है मोहब्बतें’ में दिव्यांका त्रिपाठी इशिता भल्ला का किरदार निभा रही हैं और विवेक दहिया इसी शो में एक सीनियर इंस्पेक्टर के रोल में नज़र आए थे। दिवेक का यह अंदाज़ साबित करता है कि इस तरह के मोमेंट्स आपकी नॉर्मल लाइफ को प्यार के कुछ रंगों से सराबोर कर सकते हैं। तो देर किस बात की, लव सीज़न दस्तक देने ही वाला है। ऐसे में आप भी अपने पार्टनर के लिए कुछ खास प्लैन कर लें!
फिलहाल हम बस यही चाहेंगे कि ‘ये है मोहब्बतें’ फेम ये लव बर्ड्स फैंस के लिए यूं ही प्यार की नई मिसाल कायम करते रहें!