गर्भावस्था महिलाओं के लिए एक बहुत ही प्यारा वक्त होता है। यही वो समय होता है जब महिलाएं अपने आप को पूर्ण समझती हैं। हालांकि जैसे-जैसे प्रेगनेंसी का वक्त बढ़ता जाता है महिलाओं के शरीर के साथ स्वभाव में भी बदलाव आने लगता है। गर्भावस्था से जुड़ी ये बातें ज्यादातर महिलाओं को पसंद नहीं होती हैं। इस लेख में विस्तार से जानेंगे महिलाओं में गर्भावस्था में होने वाले वो बदलाव, जिनकी वजह से वे असहज महसूस करने लगती हैं।
यूं तो हर महिला के लिए गर्भावस्था का समय बेहद खास होता है। परंतु, प्रेग्नेंसी के दौरान होने वाले कुछ बदलाव उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं होते हैं। नीचे इससे जुड़ी जानकारी दे रहे हैं:
गर्भावस्था के दौरान सबसे सामान्य समस्या जो गर्भवती को झेलनी पड़ती है वो है मॉर्निंग सिकनेस। सुबह-सुबह या किसी भी वक्त जी मिचलाने की परेशानी से महिलाओं का खाना-पिना तक दुश्वार हो जाता है। ऐसे में यह उनके लिए काफी मुश्किल भरा वक्त होता है, जो किसी महिला को नहीं पसंद होता है।
अचानक अगर आपको आपकी पसंद का कोई ड्रेस फिट ना आए तो कितनी चिंता होने लगती है ना। ऐसा ही कुछ चिड़चिड़ापन महसूस होता है प्रेग्नेंट महिलाओं को जब उनका वजन बढ़ने लगता है। उन्हें अपना पूरा वॉर्ड्रोब अपने बढ़े हुए वजन के अनुसार बदलना पड़ता है। कई बार जब वह अपनी पसंदीदा ड्रेस नहीं पहन पाती तो उन्हें और ज्यादा बुरा लगने लगता है।
सिर्फ पसंद की ड्रेस ही नहीं, बल्कि वजन बढ़ने से महिलाओं को शरीर कि कई अंगों में दर्द की शिकायत भी होने लगती है। कभी कमर में, कभी पीठ में तो कभी पैरों में दर्द होना सामान्य हो जाता है।
महिलाओं को हमेशा से ही ऑल राउंडर की तरह देखा जाता है। घर संभालना हो या बाहर का काम, वे हमेशा ही पूरे जोश के साथ अपना हर रोल निभाती हैं। ऐसे में गर्भावस्था में हर दिन के साथ उनके इस जोश में कमी आने लगती है, वे थका हुआ महसूस करने लगती हैं। उन्हें लगने लगता है कि अब वे पहले जैसी फुर्तीली नहीं है और उन्हें हर चीज के लिए दूसरों की मदद की जरूरत पड़ने वाली है। छोटे से छोटे काम के लिए उन्हें किसी दूसरे पर निर्भर होना पड़ता है, जो उन्हें पसंद नहीं होता है।
गर्भावस्था के दौरान महिलाओं के शरीर में कई सारे बदलाव होने लगते हैं। स्तनों का संवेदनशील होना भी उन्हीं में से एक है। इसकी वजह से उन्हें ब्रा पहनने तक में परेशानी होने लगती है, जो उन्हें पसंद नहीं होता है।
गर्भावस्था के दौरान मूड में बदलाव होना भी महिलाओं के लिए किसी परेशानी से कम नहीं होता है। कहते हैं ना कभी खुशी कभी गम, कभी- कभी तो उनका स्वभाव छोटी- छोटी बातों में बदलने लगता है| ऐसे में कई बार अन्य लोगों को भी परेशानी हो जाती है, जिस कारण गर्भवती को काफी बुरा लगता है। लेकिन उनके शरीर में हो रहे बदलाव के कारण वे मजबूर रहती हैं।
गर्भावस्था का समय जितना-जितना बढ़ता है गर्भवती उतना ही सुस्त महसूस करने लगती है। दरअसल, गर्भावस्था में वजन जरूर बढ़ता है लेकिन महिला की इम्यून पावर कम होने लगती है। नतीजा थकावट, चिड़चिड़ापन, जिस कारण महिला अपने आप में अनफिट महसूस करने लगती है।
महिलाएं अगर शरीर पर एक दाग हो जाए तो उसे भी पसंद नहीं करती हैं। ऐसे में जब वे गर्भावस्था में पेट पर पड़ने वाले खिंचाव के कारण होने स्ट्रेच मार्क्स देखकर काफी परेशान हो जाती हैं। क्योंकि कहीं न कहीं वे साँझ जाती हैं कि ये स्ट्रेच मार्क्स के दाग शायद ही जाए। इस दाग का असर उनके पहनावे पर भी पड़ता है। इनकी वजह से कई बार वे अपने पसंद के कपड़े भी नहीं पहन पाती हैं। तो जाहिर सी बात है बुरा तो लगना ही है।
गर्भावस्था के दौरान एसिडिटी और सीने में जलन की समस्या भी हो सकती है। ऐसे में कई बार इस परेशानी की वजह से वे अपनी पसंद की चीजें भी नहीं खा सकती है जिस कारण उनका पूरा मूड खराब हो जाता है।
तो ये थी कुछ वो बातें जो किसी भी महिला को गर्भावस्था के बारे में पसंद नहीं आती हैं। उम्मीद करते हैं आपको हमारा यह लेख पसंद आया होगा। यदि इनके अलावा भी प्रेग्नेंसी से जुड़ी कुछ बातें हैं, जो आपको परेशान करती हैं, तो हमें कमेंट कर जरूर बताएं।
चित्र स्रोत: Freepik