ADVERTISEMENT
प्रियंका चोपड़ा ने बताया लाॅकडाउन में कैसे रखें बालों का ख्याल, शेयर किया वीडियो
बॉलीवुड की ‘देसी गर्ल’ प्रियंका चोपड़ा इन दिनों अपने पति निक जोनस के साथ अमेरिका में हैं। वे समय-समय पर लोगों के साथ कोरोना संबंधित जानकारियां शेयर करती रहती हैं। कुछ दिनों पहले उन्होंने कोरोना से बचने के लिए हाथ धोने के सही तरीकों पर एक वीडियो शेयर किया था। अब प्रियंका लॉकडाउन के दौरान बालों की देखभाल करने के लिए ‘देसी नुस्खा’ बता रही हैं।
कोरोनावायरस के प्रकोप के चलते देशभर में लॉकडाउन चल रहा है। इस बीच सिर्फ ज़रूरी कामों के लिए ही घर से बाहर निकलने की अनुमति है। ब्यूटी पार्लर या सैलून एसेंशियल सर्विसेज में ना आने की वजह से बंद चल रहे हैं। ऐसे में अपनी स्किन व बालों का ख्याल खुद घर पर ही रखना पड़ रहा है। लोगों की इसी ज़रूरत को देखते हुए ‘देसी गर्ल’ प्रियंका चोपड़ा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक ‘देसी नुस्खा’ शेयर किया है।
प्रियंका चोपड़ा ने बालों की देखभाल के लिए इस देसी नुस्खे को फैंस के साथ शेयर किया है। इस नुस्खे को शेयर करते हुए प्रियंका ने लिखा, “कुछ साल पहले मैंने त्वचा के लिए देसी नुस्खे बताए थे। अब लगता है, क्वारंटीन का समय इन्हें इस्तेमाल करने का सबसे अच्छा समय है। यह बालों की देखभाल के लिए एक देसी नुस्खा है, जो मेरी मां ने मुझे बताया था और उनकी मां ने उन्हें बताया था। 1 चम्मच दही में 1 चम्मच शहद और 1 अंडा मिला लीजिये। इसे 30 मिनट तक अपने बालों में लगा रहने दें और गुनगुने पानी से धो लें।”
इसके साथ प्रियंका चोपड़ा ने एक डिस्क्लेमर भी दिया है। उन्होंने लिखा है, “मेरे लिए ये कमाल का है, लेकिन इसकी महक अच्छी नहीं होती है। आपको इसे हटाने के लिए दो बार शैम्पू करने की ज़रूरत पड़ सकती है और उसके बाद बालों में कंडीशनर तो लगाएंगे ही।”
ADVERTISEMENT
बता दें कि प्रियंका चोपड़ा ने कोरोना के खिलाफ जंग में अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के साथ पीएम केयर्स फंड में सहायता राशि भी दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रियंका चोपड़ा की इस मदद के लिए उनका शुक्रिया अदा भी किया था। इसके जवाब में ‘देसी गर्ल’ प्रियंका चोपड़ा ने उनको धन्यवाद देते हुए लिखा था, “धन्यवाद श्री नरेंद्र मोदी। हम सब साथ में बेहद मजबूत हैं। उन सभी लोगों का भी बेहद शुक्रिया जिन्होंने इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर अपना योगदान दिया है।”
22 Apr 2020
ADVERTISEMENT