टीवी एक्टर्स दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दाहिया की जोड़ी छोटे पर्दे की सबसे क्यूट जोड़ियों में से एक है। इनका साथ फैंस और दर्शकों को बेहद पसंद आता है। दोनों की आंखों में एक-दूसरे के लिए प्यार भी बखूबी देखा जा सकता है।दिव्यांका और विवेक की शादी को भले ही 3 साल बीत चुके हों, मगर इनके बीच का रोमांस बिल्कुल भी कम नहीं हुआ है। हाल ही में दिव्यांका त्रिपाठी ने एक बार फिर अपने पति से दिल का हाल बयां किया है।
दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दाहिया की क्यूट तस्वीरें हर बार फैंस का दिल जीत लेती हैं। इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ है। दिव्यांका ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पति के साथ कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। दरअसल दिव्यांका काम के दौरान अपने पति, यानी विवेक को काफी मिस कर रही थीं। इसी दौरान उन्होंने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें शेयर कर अपना हाल-ए-दिल बयां कर दिया।
विवेक भी दिव्यांका से ज्यादा दूर नहीं गए थे, बल्कि पास में ही थे, मगर जब दिव्यांका से ये थोड़ी सी दूरी भी सहन नहीं हुई तो उन्होंने पतिदेव के साथ की कुछ तस्वीरें पोस्ट कर उनसे जल्दी मिलने की गुहार लगाई। इन तस्वीरों को शेयर करते हुए दिव्यांका ने लिखा, “अगले मोहल्ले में ही तो हो… फिर भी याद आ रही है। चलो अब जल्दी मिलो।”
पति विवेक दाहिया ने भी पत्नी की बात का जवाब देते हुए सलमान खान के अंदाज़ में उन्हें पिक्चर देखने का ऑफर दे डाला। विवेक दाहिया ने दिव्यांका की तस्वीरों पर कमेंट करते हुए लिखा, “आ जाओ पिक्चर दिखाता हूं 9-12।” इस पर दिव्यांका ने जवाब दिया “रास्ते में हूं।” इंस्टाग्राम पर दोनों प्यार भरे अंदाज़ में एक-दूसरे से बातें कर रहे थे, जिसे दिव्यांका और विवेक के फैंस ने काफी एन्जॉय किया।
इससे कुछ दिनों पहले दिव्यांका और विवेक की गणपति विसर्जन के दौरान की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थीं। इन तस्वीरों में दोनों, दिव्यांका और विवेक अपने घर पर विराजे गणपति को नाचते-गाते विदा कर रहे थे।
बता दें कि दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दाहिया की मुलाकात सीरियल “ये है मोहब्बतें” के सेट पर हुई थी। यहीं से इनकी दोस्ती आगे बढ़ी और परिवार वालों ने मिलकर इनकी दोस्ती को रिश्ते में बदल दिया। इनकी शादी साल 2016 की सबसे चर्चित और खूबसूरत शादियों में से एक थी।