विरुष्का के बाद क्या अब ‘दीपवीर’ दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह भी कर रहे हैं शादी?
5 जनवरी को बॉलीवुड ऐक्ट्रेस दीपिका पादुकोण का बर्थडे है और खबरों की मानें तो इस मौके पर वे अपने फैंस को एक खास सरप्राइज़ दे सकती हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि विरुष्का की तरह वे भी डेस्टिनेशन इंगेजमेंट कर सकती हैं।
बर्थडे पर हो सकती है सगाई
रणवीर और दीपिका इन दिनों श्रीलंका में छुट्टियां मना रहे हैं। वे दोनों न्यू ईयर के सेलिब्रेशन के लिए श्रीलंका पहुंचे थे, जहां टाइगर श्रॉफ और दिशा पटानी पहले से ही मौज़ूद थे। माना जा रहा है कि दीपिका अपना बर्थडे भी वहीं सेलिब्रेट करना चाह रही हैं। इस सेलिब्रेशन की खास बात यह है कि वे वहीं अपने बॉयफ्रेंड रणवीर सिंह से सगाई भी कर सकती हैं। हालांकि इन दोनों ने कभी सार्वजनिक तौर पर खुलकर अपने रिश्ते को स्वीकार नहीं किया है पर दोनों को ही अकसर साथ में देखा जाता है। अगर इस खबर में सच्चाई है तो ‘दीपवीर’ की शादी इस साल की पहली बॉलीवुड वेडिंग होगी।
परफेक्ट वेडिंग मटीरियल हैं दीपिका
करण जौहर के चैट शो पर रणवीर सिंह मान चुके हैं कि दीपिका उनके लिए परफेक्ट वेडिंग मटीरियल हैं और वे उनके साथ ज़रूर शादी करना चाहेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रणवीर के इस बयान पर दीपिका के पिता पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी प्रकाश पादुकोण ने कहा था कि रणवीर और दीपिका वयस्क हैं और उन्होंने दीपिका को अपनी ज़िंदगी के अहम फैसले लेने की आज़ादी दी हुई है। गौरतलब है कि रणवीर और दीपिका स्टारर फिल्म ‘पद्मावती’ रिलीज़ के लिए तैयार है और इससे पहले दोनों ‘रामलीला’, ‘बाजीराव मस्तानी’ और ‘फाइंडिंग फैनी’ जैसी फिल्मों में भी साथ काम कर चुके हैं।
दोनों की सगाई की खबरों पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है पर हमारी ओर से उन्हें ढेरों बधाई!