जानिए किस गुड लक चार्म के बिना घर से बाहर भी नहीं निकलते ये बाॅलीवुड स्टार्स
कहते हैं, ‘कठिन परिश्रम ही सफलता की कुंजी है’। प्रतिभा और मेहनत के बल पर कामयाबी के द्वार खुलते हैं। इसके बावजूद, ये कहना गलत नहीं होगा कि सफलता पाने में किस्मत भी बड़ी व महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। किस्मत कभी यह देखकर नहीं चमकती कि आप उसे कितना डिज़र्व करते हैं या कितना नहीं करते। भाग्य अच्छा हो तो रंक भी राजा बन जाता है और अगर भाग्य खराब चल रहा हो तो राजा भी रंक की ज़िंदगी गुज़ारने पर मजबूर हो जाता है।
अगर आप सोच रहे हैं कि हमारे और आप जैसे आम लोग ही किस्मत और अंधविश्वास के चक्कर में पड़ते हैं तो हम आपको बता दें कि ऐसा कुछ नहीं है। जिन लोगों को हम सबसे ज्यादा भाग्यशाली मानते हैं, वे भी अपने किसी न किसी अंधविश्वास और गुड लक चार्म के बगैर नहीं रह पाते हैं। इन्हीं में शामिल हैं, कुछ बड़े और नामी बॉलीवुड स्टार्स, जो अपने गुड लक चार्म के बिना घर से बाहर तक नहीं निकलते।
बॉलीवुड सेलिब्रिटीज़ और उनके गुड लक चार्म्स
अपनी फिल्म के नाम के आगे एक K जोड़ देना या फिर हाथों में ढेर सारे नग पहन कर चलना, कुछ ऐसे उदाहरण हैं, जिनके लिए बॉलीवुड सेलिब्रिटीज़ जाने जाते हैं। हम आपको यहां ऐसे ही कुछ बॉलीवुड सेलिब्रिटीज़ के बारे में बता रहे हैं, जो सालों से अपने गुड लक चार्म को खुद से दूर नहीं होने दे रहे हैं।
सलमान खान
कोई फर्क नहीं पड़ता कि सलमान खान ने कैसे कपड़े पहने हैं या किस पार्टी और ओकेज़न के लिए जा रहे हैं। बॉलीवुड के भाई जान कभी भी अपने सिल्वर और फ़िरोज़ी नग वाले ब्रेसलेट के बिना नज़र नहीं आते हैं। सलमान अपने दाएं हाथ में सालों से यह ब्रेसलेट पहनते आए हैं। वे कभी इस ब्रेसलेट को खुद से दूर नहीं करते।
अमिताभ बच्चन
अपने प्रोडक्शन हाउस एबीसीएल के पतन के बाद अमिताभ बच्चन को दिवालिया घोषित कर दिया गया था। इस वजह से उनकी सभी महत्वपूर्ण सम्पत्तियां भी डिजॉल्व हो गईं थीं। यह तब की बात है, जब उनकी नीलम की अंगूठी टूट गई थी, जिसे अब वे अपने दाएं हाथ की मध्य उंगली पर पहनते हैं। ऐसा माना जाता है कि इस अंगूठी को पहनने के बाद उनकी किस्मत बदल गई और उन्हें सबसे बड़ा गेम शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ होस्ट करने का अवसर प्राप्त हुआ।
शाह रुख खान
ADVERTISEMENT
बॉलीवुड के बादशाह शाह रुख खान का ‘555’ नंबर को लेकर ऑब्सेशन हमेशा सुर्खियों में रहा है। आपको जानकर हैरानी होगी कि शाह रुख खान वह कार ही नहीं चलाते, जिसमें उनका यह फेवरिट नंबर न हो। इतना ही नहीं, फिल्म ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ की शूटिंग के दौरान इस्तेमाल हुई बाइक के लाइसेंस प्लेट के नंबर को भी शाह रुख खान ने बदलवाकर ‘555’ करवा दिया था।
रणवीर सिंह
रणवीर सिंह बचपन से ही अपने पैर पर एड़ियों के पास काला धागा बांध कर रखते हैं। ऐसा वे अपनी मां की सलाह पर करते हैं। दरअसल, खबरों की मानें तो बचपन में रणवीर सिंह काफी बीमार पड़ जाया करते थे, इसलिए यह धागा रणवीर की मां ने उनकी अच्छी सेहत के लिए बांध दिया था।
दीपिका पादुकोण
अगर रणवीर सिंह अच्छी सेहत के लिए पैर पर काला धागा बांध कर रखते हैं तो दीपिका पादुकोण मुंबई के सिद्धि विनायक मंदिर पर बेहद आस्था रखती हैं। पिछले कुछ सालों से लगातार ब्लॉकबस्टर फिल्में देने वाली दीपिका अपनी हर फिल्म की रिलीज़ के पहले सिद्धि विनायक के दर्शन करने ज़रूर जाती हैं।
ऋतिक रोशन
हम सभी को कुछ विशेषताएं मिली हैं, जिन्हें हम दोष या खामी समझ बैठते हैं लेकिन हमें ऋतिक रोशन से उन्हें गले लगाने की सीख लेनी चाहिए। फिल्म इंडस्ट्री में कई लोगों के सुझाव के बावजूद ऋतिक ने सर्जरी द्वारा अपने हाथ से दूसरा अंगूठा निकालने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, ऋतिक अपने दूसरे अंगूठे को अपने लिए काफी लकी भी मानते हैं।
15 Oct 2019