बच्चों के लिए हर शारीरिक पीड़ा बड़ी दुखदायी होती है। दांत निकालना और बच्चों के दांत में दर्द उनके लिए जैसे जी का जंजाल ही होता है। बच्चों के लिए दांत का दर्द नया और बहुत परेशान करने वाला होता है। परेशानी की बात यह होती है कि बच्चे अपने दर्द को शब्दों में बयां भी नहीं कर सकते हैं। हालांकि, वह रोकर माता-पिता को अपनी बात समझाने की कोशिश करते हैं।
दांत निकलने के बाद बच्चों के लिए दांत दर्द की तकलीफ खत्म नहीं होती है बल्कि दांत आने के बाद कई दफा बच्चों के ज्यादा उल्टी-सीधी चीजें खाने से दांत में कीड़े लगने की समस्या पैदा हो जाती है। तो कभी मसूड़ों में खुजली या खून निकलने के कारण बच्चे को दांतों में दर्द का सामना करना पड़ सकता है।
ऐसे में आज हम बच्चों के दांत में दर्द के आसान और प्रभावी घरेलू उपचार के बारे में जानेंगे। इस बात का ध्यान रखें कि यदि बच्चे के दांत में दो दिन से अधिक दर्द बना रहता है या गंभीर दांत दर्द है, तो इसके लिए डॉक्टर से परामर्श लेना ही बेहतर होगा।
बच्चों के दांत में दर्द के घरेलू उपाय (Home Remedies for Baby’s Toothache in Hindi)
बच्चे के दांत में दर्द के उपायों को हम दो भागों में विभाजित करेंगे। पहला नए दांत आने के कारण होने वाला दर्द व दूसरा दांतों में कीड़ा या मसूड़ों से खुजली की वजह से होने वाला दर्द।
शिशु के दांत निकलने के कारण होने वाले दर्द के घरेलू उपाय
जब बच्चे के दांत निकलते हैं तो मसूड़ों के आस-पास के हिस्से में सूजन आ जाती है तो बच्चा दर्द से कराहता रहता है। इस दर्द को कम करने के लिए माता-पिता को क्या करना चाहिए, इसके बारे में नीचे विस्तार से जानकारी दे रहे हैं।
- ज्यादा पानी पिलाएं
जब बच्चे के दांत आते हैं, तो एक्सपर्ट उसे ज्यादा से ज्यादा तरल पदार्थ देने की सलाह देते हैं। बच्चे को दूध पिलाने के साथ जितना हो सके पानी पिलाएं। गर्मी का मौसम है, तो ब्रेस्ट पंप की मदद से दूध निकालकर कुछ देर फ्रिज में रखें और फिर शिशु को पिलाएं। ठंडा दूध पीने से बच्चे को दर्द में आराम मिल सकता है।
- शहद

बच्चे को शहद चटा सकते हैं। इससे भी उन्हें काफी हद तक राहत मिल सकती है। इसके पीछे शहद में मौजूद एंटीबैक्टीरियल व एंटीसेप्टिक गुणों को फायदेमंद माना जा सकता है। इस तरह बच्चों के दांत दर्द के घरेलू उपाय में शहद का नाम शामिल किया जा सकता है।
- ठंडा कपड़ा
एक साफ कपड़े को गीला करके कुछ देर के लिए फ्रिज में रखें। ठंडा होने पर कपड़ा बच्चे को चबाने के लिए दें। यह एक तरह का घरेलू टीथर है, जो बच्चे को दांत निकलने वाले दर्द से राहत दिला सकता है।
- मालिश करें
दांत निकलने से होने वाले दर्द के कारण बच्चा सो नहीं पा रहा है। ऐसे में शिशु के पैर और सिर पर हल्के हाथों से मालिश करें। इससे शरीर में रक्त का प्रवाह बेहतर होगा। इससे बच्चे के दांत निकलने के कारण होने वाला दर्द तो कम नहीं होगा, परंतु बच्चे को आराम मिलेगा और वह गहरी नींद ले पाएगा।
छोटे बच्चे के दांत में दर्द के घरेलू उपाय
निम्नलिखित घरेलू उपाय छोटे बच्चों को दांत में कीड़ा व मसूड़ों की बीमारी से बचाने व इससे होने वाले दर्द से राहत दिलाने में मदद कर सकते हैं।
- लौंग है वरदान समान

ओरल हेल्थ के लिए लौंग को कारगर इलाज माना जाता है। बच्चे के दांत में दर्द को दूर करने में यह अहम भूमिका निभा सकता है। दरअसल, लौंग में गर्माहट के साथ त्वचा को सुन्न करने वाला प्रभाव होता है। यही वजह है कि दांत दर्द के लिए तैयार की गई कई दवाओं में भी इसका इस्तेमाल किया जाता है।
बच्चे के दांत दर्द के लिए लौंग पाउडर में पानी व नारियल तेल मिलाकर पेस्ट बनाएं। इस पेस्ट को कुछ देर फ्रिज में रखें। ठंडा होने पर इस पेस्ट को बच्चे के दर्द वाली जगह पर हल्के से रगड़ें।
- लहसुन
बच्चों के दांत दर्द के घरेलू उपाय के तौर पर लहसुन का प्रयोग भी लाभकारी हो सकता है। कई शोधो में दांतों के दर्द के लिए लहसुन को भी प्रभावी पाया गया है। इसमें एंटीबैक्टीरियल गुण मौजूद होते हैं, जो बैक्टीरिया को पनपने से रोकने के साथ कुछ हद तक सूजन और दर्द को कम कर सकता है।
दांत दर्द के लिए लहसुन को पीसकर प्रभावित जगह पर लगाने की सलाह दी जाती है। अगर बच्चे को लहसुन के टेस्ट से परेशानी है, तो इसमें शहद मिलाकर भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
- फिटकरी
गर्म पानी में फिटकरी को मिलाकर गरारे करने से भी दांत में दर्द के साथ कीड़े की समस्या से राहत पाई जा सकती है। अमेरिका की इंडियाना यूनिवर्सिटी के एक शोध में भी इस बात की पुष्टि होती है कि फिटकरी का इस्तेमाल दांतों की कैविटी को खत्म करने में लाभकारी हो सकता है।
- हींग
बच्चों के दांत दर्द के घरेलू उपाय में एक नाम हींग का भी शामिल है। एक शोध में साफतौर से इस बात का जिक्र मिलता है कि हींग में दर्दनिवारक प्रभाव होता है, जिस वजह से दांत दर्द के लिए इसे प्रभावी माना जा सकता है।
दांत दर्द को दूर करने के लिए हींग को पानी में मिलाकर पेस्ट तैयार करें। तैयार पेस्ट को रूई की मदद से दर्द वाली जगह पर लगाएं।
तो, ये थे बच्चों के दांत दर्द के घरेलू इलाज। अब अगर बच्चों के दांत में हल्का-फुल्का दर्द होता है, तो लेख में ऊपर दिए गए उपायों को जरूर अपनाएं। वहीं, गंभीर दर्द की स्थिति में बिना देरी करें दातों के डॉक्टर से परामर्श करें। उम्मीद करते हैं यह लेख आपके लिए ज्ञानवर्धक साबित होगा।
चित्र स्रोत: फ्रीपिक/इंस्टाग्राम