लाइफस्टाइल

ये हैं दुनिया के 7 अजीबो- गरीब पेड़, आप भी देख कर हो जाएंगे हैरान

Archana Chaturvedi  |  Aug 2, 2018
ये हैं दुनिया के 7 अजीबो- गरीब पेड़, आप भी देख कर हो जाएंगे हैरान

यूं तो हमारी पूरी दुनिया का 10 प्रतिशत भाग जंगलों से भरा पड़ा है। ऐसे तमाम जंगल हैं जहां लाखों की संख्या में कई प्रजाति के पेड़ मौजूद हैं। उन्हीं में कुछ ऐसे अजीबो- गरीब पेड़ भी हैं जिन्हें देखकर आप वाकई हैरान रह जाएंगे। यहां हम आपको कुछ ऐसे ही अदभुत पेड़ों के बारे में बताने जा रहे हैं जिसकी कल्पना कभी सपने में भी आपने नहीं की होगी।

1 –  रेनबो ट्री, ऑस्ट्रेलिया

इंद्राधनुष के रंगों की तरह दिखाई देने वाले इस अनोखे पेड़ का नाम रेनबो यूकेलिप्टस है। दरअसल यूकेलिप्टस पेड़ों की प्रजाति में यह एकलौता है, जिसकी ऐसी रंगीन छाल होती है। इन पेड़ों का इस्तेमाल सफ़ेद कागज बनाने में इस्तेमाल होने वाले पल्प के लिए किया जाता है। इसकी बढ़ती मांग के कारण अब ये पेड़ कई देशों में देखने को मिल जाते हैं।

2 – बाओबाब ट्री, अफ्रीका

अजीब सा दिखने वाला यह पेड़ मेडागास्कर, अफ्रीका में पाया जाता हैं। इसे हिन्दी में गोरक्षी कहते हैं। इस पेड़ पर साल के 6 महीने पत्ते लगे रहते हैं और बाकी 6 महीने यह पेड़ एक ठूंठ की भांति दिखाई देता है। बाओबाब का पेड़ देखने में उल्टे पेड़ जैसा लगता है जो इसकी सबसे अलग पहचान है। इसको देखने पर आभास होता है कि मानो पेड़ की जड़ें ऊपर की ओर हों और तना नीचे की ओर हो। इस पेड़ की ऊंचाई 262 फीट तक होती है।

3 – ग्रेट सिकुआ ट्री, अमेरिका

अमेरिका के कैलीफोर्निया राज्य में स्थित सिकुआ ट्री अपनी हैरान कर देने वाली लंबाई और चौड़ाई के लिए पूरी दुनिया में चर्चित हैं। ग्रेट सिकुआ नाम का यह पेड़ ‘सिकुआ डेन्ड्रान’ वंश का है। जमीन से इसकी ऊंचाई 54 मीटर होती है और इसका तना 4 मीटर मोटा होता है। इस तरह के पेड़ सिर्फ अमेरिका में ही 300 से ज्यादा हैं। यही नहीं, भारत में भी सिकुआ ट्री पाए जाते हैं, जिन्हें 1942 में कश्मीर और अल्मोड़ा में लगाया गया था।

4 – ड्रैगन ट्री, अफ्रीका

अफ्रीका के उत्तरी पश्चिमी तट पर कैनरी आयलैंड में पाया जाने वाला ड्रैगन ट्री अपनी अनोखी बनावट और हैरान कर देने वाले रहस्य के लिए पूरे विश्वभर में चर्चित है। ड्रैगन ट्री को जीवित जीवाश्म इसीलिए माना जाता है, क्योंकि जब इसे काटा जाता है तो इसमें से खून की तरह लाल रंग का रस निकलता है। देखने में ये बिल्कुल किसी छतरीनुमा लगता है।

5 – रहस्यमयी बरगद का पेड़, भारत

भारत में आंध्रप्रदेश के नालगोंडा में स्थित है एक अनोखा रहस्यमयी बरगद का पेड़ जिसे कोई भी देखता है तो हैरान रह जाता है। इसकी खास बात ये है कि इस पेड़ पर कई तरह के जानवरों की आकृतियां उभरी हुई हैं जैसे – बिच्छू, सांप, अजगर, मगरमच्छ, शेर और बहुत से पशु- पक्षियों की। वैसे तो वहां के लोगों का मानना है कि ये पेड़ अपने आप में इकलौता ऐसा बरगद का पेड़ है लेकिन वहीं कुछ लोग ये मानते हैं कि इस पेड़ के तने पर किसी ने इन कलाकृतियों को गढ़ा है।

6 – एंजोल ओक ट्री, कैरोलिना

ये अद्भुत और विशाल पेड़ दक्षिण कैरोलिना में स्थित है। माना जाता है कि एंजोल ओक नाम का ये पेड़ 300 से 400 साल तक पुराना है। इसकी ऊंचाई लगभग 66 फुट और चौड़ाई 25 फुट है। ये पेड़ अपने आप में इतना अदभुत है कि इसे देखने लोग दूर- दूर से लोग आते हैं।

7 – बोतल ट्री, ऑस्ट्रेलिया

ब्राचीचीतों रुपेस्ट्रिस नाम का ये पेड़ क्वीन्सलैंड, ऑस्ट्रेलिया में पाया जाता है। बोतल की तरह दिखने की वजह से इसे बोतल ट्री के नाम से भी जाना जाता है। यह धरती के सबसे जहरीले पेड़ों में एक गिना जाता है। दरअसल इस पेड़ से निकलने वाला दूधिया रस बहुत ही जहरीला होता है। पुराने समय में तो इस पेड़ से निकलने वाले रस को शिकारी भाले या तीर में लगाकर शिकार करने के काम में भी लेते थे।

(सभी तस्वीरें – फोटोबर्स्ट डॉट नेट से )

इन्हें भी पढ़ें –

ये है दुनिया के 7 सबसे अजीबो- गरीब रेस्टोरेंट
हर किसी को एक बार जरूर देखनी चाहिए दुनिया की ये 10 हैरान कर देने वाली जगहें
इस गुफा में छुपा है दुनिया के खत्म होने का रहस्य
विश्व के 7 अजूबों के बारे में

Read More From लाइफस्टाइल