लाइफस्टाइल

इंडस्ट्री की चांदनी ‘श्रीदेवी’ के जाने से शोक में बॉलीवुड

Deepali Porwal  |  Feb 25, 2018
इंडस्ट्री की चांदनी ‘श्रीदेवी’ के जाने से शोक में बॉलीवुड

बॉलीवुड की सबसे सफल अभिनेत्रियों में से एक श्रीदेवी की 54 वर्ष की उम्र में दुबई में कार्डिएक अरेस्ट से देर रात मौत हो गई। इस खबर से न सिर्फ उनके परिजन, बल्कि पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री और सभी चाहने वाले गहरे सदमे में हैं। श्रीदेवी को ‘सदमा’, ‘नगीना’, ‘लम्हे’, ‘चांदनी’, ‘मि.इंडिया’, ‘इंग्लिश विंग्लिश’ और ‘मॉम’ जैसी फिल्मों के लिए विशेष रूप से जाना जाता है।

दुबई से आई बुरी खबर

श्रीदेवी अपने पूरे परिवार के साथ भांजे मोहित मारवाह की शादी के लिए दुबई गई हुई थीं। वहीं से देर रात खबर आई कि कार्डिएक अरेस्ट होने के कारण वे चल बसीं। बॉलीवुड की पहली फीमेल सुपरस्टार की मौत की खबर सुनकर बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है। हाल ही में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर श्रीदेवी ने शादी की फोटोज शेयर की थीं, जिनमें वे हमेशा की तरह बिल्कुल फिट और एक्टिव नज़र आ रही थीं। ऐसे में श्रीदेवी के निधन की खबर ने सबको झकझोर कर रख दिया है।

सदमे में कपूर खानदान

टीनएज से ही बॉलीवुड में कदम रख अपने सशक्त अभिनय से सबकी चहेती बनने वाली श्रीदेवी के अचानक चले जाने से उनका परिवार सदमे में है। उनके पति बोनी कपूर के छोटे भाई एक्टर संजय कपूर ने एक मीडिया हाउस को बताया कि वे कल ही दुबई से लौटे थे और मुंबई वापस आते ही उन्हें श्रीदेवी की मौत की खबर मिली। रात तक कोई इस बुरी खबर को हकीकत मानने के लिए तैयार नहीं था। सभी उम्मीद व प्रार्थना कर रहे थे कि यह बात झूठी अफवाह साबित हो जाए।

बॉलीवुड में शोक की लहर

इस दुखद खबर से पूरे बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है। मोहित मारवाह की शादी में सभी से हंसी-खुशी मिलने वाली श्रीदेवी का यूं चले जाना वाकई किसी सदमे से कम नहीं है। इंडस्ट्री के लोगों ने ट्विटर पर श्रीदेवी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रीदेवी के जाने से उनके परिवार व इंडस्ट्री में जो जगह खाली हुई है, उसे भर पाना किसी के लिए भी मुमकिन नहीं है। भगवान उनके परिवार व चाहने वालों को इस सदमे से उबरने की शक्ति दे!

Read More From लाइफस्टाइल