Love

ये संकेत बताते हैं कि आपको अपने बेस्ट फ्रेंड से हो गया है प्यार, इन्हें नजरअंदाज न करें

Supriya Srivastava  |  May 24, 2021
signs that you are falling in love with your best friend, ये संकेत बताते हैं कि आपको अपने बेस्ट फ्रेंड से हो गया है प्यार
कहते हैं अच्छे दोस्त बड़ी किस्मत से मिलते हैं। क्योंकि सिर्फ दोस्ती ही एक ऐसा रिश्ता है, जिसे हम खुद चुनते हैं, बाकी रिश्ते तो हमारे लिए ऊपर से बनकर आते हैं। हमारे दोस्त बताते हैं कि हमारी संगत कैसी है। दोस्ती के ऊपर फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ का एक डायलॉग आज भी बहुत फेमस है ‘एक लड़का और लड़की कभी दोस्त नहीं हो सकते’। आज के जमाने में ऐसा कहना कई मायनों में सही नहीं होता। एक लड़का और लड़की अच्छे दोस्त भी होते हैं और वो जीवन भर अपनी दोस्ती को सच्चे दिल से निभाते भी हैं। मगर क्या हो, जब आपको अपने बेस्ट फ्रेंड से ही प्यार हो जाये। ऐसा हम नहीं कह रहे बल्कि खुद वो संकेत बताते हैं, जिन्हें आप कहीं न कहीं नजरअंदाज कर देते हैं। जी हां हम आपको उन्हीं कुछ संकेत के बारे में बता रहे हैं, जो बताते हैं कि आपको अपने बेस्ट फ्रेंड से प्यार हो गया है। 

आप उसे बाकी बेस्ट फ्रेंड्स से ज्यादा प्राथमिकता देने लगी हैं

बेस्ट फ्रेंड से प्यार होने का पहला संकेत यह है कि आप उसे अपने बाकी बेस्ट फ्रेंड्स के मुकाबले अधिक प्राथमिकता देने लगती हैं। आप खुद को उसके लिए ऐसे काम करते हुए पाती हैं, जो आप किसी और के लिए नहीं करतीं। उसके साथ आपको औरों के मुकाबले अधिक खुशी मिलती है। उससे बात किये बिना आपका दिन पूरा नहीं होता। आप उसके लिए अचानक से छोटे-छोटे गिफ्ट्स लाने लगती हैं और वो सब करना चाहती हैं, जो उसे खुशी दे। 

बिना किसी वजह आप उससे मिलना चाहती हैं

आपको अपने बेस्ट फ्रेंड से प्यार होने लगा है, इसका एक संकेत यह भी है कि आप बिना किसी वजह उससे मिलना चाहती हैं। उल्टा उससे मिलने के लिए आप बहाने बनाने लगती हैं। उससे मिलना, उससे बात करना, उसके साथ समय बिताना आपको अच्छा लगने लगता है। आप सिर्फ उसे देखकर घंटो बिता सकती हैं। उसके साथ आपकी बातें कभी खत्म नहीं होतीं। 

जरूरत पड़ने पर सबसे पहले वही याद आये

वो आपके सभी नखरे सहने के लिए तैयार है और यह बात आपको आकर्षित करती है। दिल की कोई भी बात शेयर करनी हो, अपना दुःख बांटने के लिए किसी का साथ चाहिए हो या फिर कोई सीक्रेट शेयर करना हो। आपके जेहन में सबसे पहले उसी बेस्ट फ्रेंड का ख्याल आता है। यह भी एक बड़ा संकेत है, जो बताता है कि आपको अपने बेस्ट फ्रेंड से प्यार होने लगा है।  

आपको अचानक उसके सामने अच्छा दिखने की चिंता होने लगती है

दोस्तों के सामने तो हम कैसे भी जा सकते हैं। वो हमें हर रूप में स्वीकार कर लेते हैं। मगर उसे बेस्ट फ्रेंड के सामने जाने से पहले आप खुद को आईने में बार-बार निहारें। सबसे अच्छे कपड़े पहनें। यहां तक कि आप कैसी दिख रही हैं, इस बात की चिंता आपको सताने लगे तो समझ लीजिये यह इस बात का संकेत है कि आपको अपने बेस्ट फ्रेंड से प्यार हो गया है। 

उसे गले मिलते समय कुछ अलग महसूस हो

उस बेस्ट फ्रेंड के साथ जो आलिंगन अभी तक कैजुअल लगा करता था वो अचानक से कुछ अलग और खास महसूस होने लगे। यहां तक कि आप उसे थोड़े लंबे समय तक गले लगाना पसंद करें। उसका स्पर्श आपके रोम-रोम को छू जाये तो समझ लीजिये यह भी एक संकेत है, जो बताता है कि आपको अपने बेस्ट फ्रेंड से प्यार हो गया है। 

Read More From Love