लाइफस्टाइल

मुंबई फूड : हर किसी का दिल जीत सकते हैं ये 10 खास मराठी व्यंजन

Kulsum Bano  |  Dec 4, 2018
मुंबई फूड : हर किसी का दिल जीत सकते हैं ये 10 खास मराठी व्यंजन

महाराष्ट्र का नाम सुनते ही दिमाग में तीन चीज़ें ज़रूर आती हैं, एक तो वहां के बीच, दूसरा वड़ा पाव या पाव भाजी और तीसरा मराठी भाषा। मुंबई की बात करें तो उसकी तारीफ सिर्फ यहीं तक सीमित नहीं है, इस शहर के दर्शनीय स्थल और भाषा की तरह ही यहां का खाना भी विशेष तौर पर मशहूर है। क्या आपको यहां के मुख्य व्यंजन के बारे में पता है? मुंबई में आपको दिल खुश कर देने वाला खाना मिलेगा और वहां के स्वाद को आप सालों- साल तक नहीं भूल पाएंगे। 
आज हम आपके के लिए मुंबई के कुछ मज़ेदार और लज़ीज़ फूड आइटम्स ले कर आए हैं। जब भी आपका मुंबई जाने का प्लान बने तो इन्हें चखना न भूलें। जानिए स्वादिष्ट पोहा बनाने की विधि

पाव भाजी

बात मुंबई के खाने की हो रही है और पाव भाजी का नाम न लिया जाए तो लिस्ट बिलकुल अधूरी रह जाएगी। यहां की स्वादिष्ट पाव भाजी आपको हर गली- चौराहे पर मिल जाएगी।

वड़ा पाव

मुंबई की जान खासतौर पर दो चीज़ों में अटकी है, एक बीच और दूसरा वड़ा पाव। जो लोग एक बार मुंबई का वड़ा पाव चख लेते हैं, उन्हें कहीं और का वड़ा पाव पसंद ही नहीं आ सकता। मुंबई वालों के लिए तो यह सुबह का नाश्ता भी होता है।

पूरन पोली

इन 5 डाइट टिप्स से रखें लीवर स्वस्थ

पूरन पोली एक मीठी डिश है, इसे हम आम भाषा में बोलें तो मीठा परांठा है। यह परांठा आमतौर पर चने के आटे से बनाया जाता है और इसमें गुड़ व इलायची की भरावन होती है। यह त्योहारों पर बनाया जाने वाला आम व्यंजन है।

मोदक

महाराष्ट्र में गणेश चतुर्थी के खास मौके पर घर- घर में मिठाई व प्रसाद के तौर पर मोदक बनाए जाते हैं। इसके अंदर नारियल भरा जाता है और इसकी बाहरी परत आटे की होती है, जो कि बहुत मुलायम होती है। अब यही मोदक केसर, चॉकलेट, आम जैसे फ्लेवर्स में भी मिलता है।

श्रीखंड

कहने को तो श्रीखंड एक तरह का मीठा दही होता है लेकिन इसमें आम का पल्प, इलायची पाउडर और केसर की कुछ पंखुड़ियां भी मिलाते हैं। यह महाराष्ट्र की सबसे पॉपुलर डिश है, वहां शादी- पार्टी में भी इसे काफी पसंद किया जाता है।

पोहा

पोहा मध्य प्रदेश के साथ ही महाराष्ट्र का भी अहम ब्रेकफास्ट है। चाय का बेस्ट साथी पोहा, स्वाद में ही नहीं बल्कि सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद है। मुंबई में पोहा में हल्दी, नमक, सरसों के बीज और कड़ी पत्ता डाला जाता है।

भेलपूरी

आप देश के किसी भी कोने में रहते हों, आपने भेलपूरी ज़रूर खाई होगी। भेलपूरी भी मराठी भाषा की तरह है, कभी तीखी लगेगी तो कभी खट्टी- मीठी। भेलपूरी को सभी तरह के टेस्ट का मिक्सचर कहना गलत नहीं होगा। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड या मुंबई की चौपाटी के पास यह आराम से मिल जाती है। कहते हैं कि भेलपूरी का सही स्वाद तो मुंबई में ही मिलता है। अगर आप एक बार बंबइया भेलपूरी खा लेंगे तो उसका स्वाद आपकी ज़ुबां पर हमेशा के लिए चढ़ जाएगा।

बासुंदी

बासुंदी को दूध से बनाया जाता है। इसको बनाने के लिए दूध को तब तक उबाला जाता है, जब तक कि उसकी मात्रा आधी न रह जाए। फिर उसमें ड्राई फ्रूट्स और छोटी इलायची का पाउडर मिलाया जाता है। अगर आप इसमें किसी तरह का फ्लेवर ऐड करना चाहते हैं तो शरीफा व अंगूर जैसे फलों का पेस्ट बना कर इसे अपने स्वाद के अनुसार बना सकते हैं।

कैरी का पन्ना

ये गर्मी के मौसम में पीया जाता है। इसे आप अपने अनुसार बना सकते हैं, अगर आपको खट्टा पीना है तो उसमें काला नमक, जीरा, चाट मसाला मिला सकते हैं लेकिन अगर आप मीठा पीना पसंद करते हैं तो इसमें चीनी या गुड़ मिला सकते हैं। महाराष्ट्र की गर्मी को कम कर फ्रेश फील करने के लिए ये ड्रिंक परफेक्ट है। गर्मी के मौसम में अगर आप मुंबई जाएं तो इसे ज़रूर ट्राई करें।

आमरस

मुंबई में गर्मी और आम, दोनों की दोनों ही काफी फेमस हैं। गर्मी के मौसम में हर घर में फलों के राजा आम का ही नाम चलता है। मुंबई की एक और लोकप्रिय डिश है आमरस। मुंबई में आमरस सबका फेवरिट होता है। इस रस के साथ मुंबई निवासी सूखी रोटी भी खा सकते हैं।

इन्हें भी पढ़ें –

अपने ब्रेकफास्ट को इन रेसिपीज़ के साथ बनाएं हेल्दी और टेस्टी

Read More From लाइफस्टाइल