पैरेंटिंग

न लोरी न ही फिल्मी गानें! बिपाशा की बेटी को पसंद है हनुमान चालीसा, देखिए वायरल VIDEO

Archana Chaturvedi  |  Aug 18, 2023
न लोरी न ही फिल्मी गानें! बिपाशा की बेटी को पसंद है हनुमान चालीसा, देखिए वायरल VIDEO

बॉलीवुड के स्टार कपल बिपाशा बसु और करण सिंह ग्रोवर हमेशा चर्चा में रहते हैं। फिलहाल ये कपल अपनी प्यारी लाडली बेटी देवी की वजह से हमेशा सुर्खियों में रहता है। बिपाशा भी देवी के बारे में कई अपडेट्स अपने फैंस के साथ शेयर करती रहती हैं। बिपाशा ने अपनी बेटी का नाम जितना आध्यात्मिक रखा है, उतना ही वह बेटी को संस्कार भी दे रही हैं।

प्रकृति की सुंदरता दिखाने से लेकर हिंदू धर्म की कहानियां सुनाने तक, बिपाशा और करण अपनी बेटी देवी को हमेशा कुछ न कुछ अच्छा सिखाते रहते हैं। अब हाल ही में बिपाशा ने देवी के सोते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। जिसमें करण सिंह ग्रोवर उन्हें हनुमान चालीसा सुनाते हुए दिखाई दे रहे हैं। 

ऐसा है कुछ देवी का बेडरूटीन

इस वीडियो में देवी के पापा यानि करण सिंह ग्रोवर हनुमान चालीसा का पाठ करते नजर आ रहे हैं। इसमें देवी के ‘बेडटाइम रूटीन’ की झलक देखने को मिलती है। बिपाशा बसु के शेयर किए गए वीडियो में करण सिंह ग्रोवर सोने से पहले अपनी बेटी को हनुमान चालीसा सुनाते नजर आ रहे हैं। वहीं देवी भी चुपचाप हनुमान चालीसा सुनती हैं और पिता के चेहरे को छूकर आवाज लगाती नजर आती हैं। बिपाशा बसु ने इस वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “पापा, मम्मी और देवी के साथ सोने का समय।”

फैंस कर रहे हैं तारीफ

फिलहाल देवी का ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। फैंस और नेटिजन्स उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। उनके वीडियो पर कई लोगों ने कमेंट किए हैं। कुछ लोग बिपाशा और करण के संस्कार की तारीफ कर रहे हैं।

बेटी की बीमारी का किया था खुलासा

कुछ दिन पहले बिपाशा ने खुलासा किया था कि उनकी बेटी की वेंट्रिकुलर सेप्टल डिफेक्ट के लिए छह घंटे तक सर्जरी हुई। देवी के जन्म के तीन दिन बाद उन्हें एहसास हुआ कि उनकी बेटी के दिल में दो छेद हैं। जब वह तीन महीने की थी तब उसका ऑपरेशन किया गया।

बता दें, बिपाशा और करण सिंह ग्रोवर ने पिछले साल नवंबर में बेटी देवी का स्वागत किया। तब से दोनों बहुत खुश हैं और कुछ दिन पहले ही देवी 9 महीने की हुई है।

Read More From पैरेंटिंग