अगर आपको शॉपिंग करने का शौक है तो शॉपिंग करने से आपके सारे तनाव छूमंतर हो जाते होंगे और आपका मन भी खुश हो जाता होगा। आप हमेशा सोचती रहती होंगी कि काश आप हमेशा शॉपिंग कर पातीं। लेकिन हमेशा शॉपिंग करने से आपका बजट आपकी खुशी भर भारी पड़ जाता है और आप न चाहते हुए भी विंडो शॉपिंग से खुद को बहलाने की कोशिश करती हैं। लेकिन जरा सोच कर देखिए, यदि आप मनपसंद चीजें खरीद सकें और बजट आपकी जेब पर भारी भी न पड़े तो कितना मजा आएगा। आपको लग रहा होगा कि भला यह कैसे संभव है तो दिल्ली की सड़कों पर निकल पड़िए और स्ट्रीट शॉपिंग का लुत्फ उठाइए। इन स्ट्रीट शॉपिंग वाली जगहों पर आपको सिर्फ कपड़े और एक्सेसरीज ही नहीं, बल्कि इलेक्ट्रॉनिक्स, फुटवियर, मसाले, हैंडीक्राफ्ट चीजें और गमले भी मिल सकते हैं।
दिल्ली के रिटेल मार्केट - Retail Market in Delhi
होलसेल मार्केट - Wholesale Market in Delhi
स्ट्रीट शॉपिंग का मजा उन लोगों को ज्यादा आता है, जिन्हें घूम- घूम कर चीजें खरीदने का शौक हो, जिनके पास घूम- घूम कर खरीदारी करने लायक हिम्मत और जज्बा हो। माना कि मॉल में खरीदारी करने का अपना मजा है लेकिन दिल्ली की सड़कों पर मोल- भाव करके खरीदारी करने का जो आनंद है, वह भला मॉल से शॉपिंग करने में कहां! यहां आपको एक ब्रांडेड ड्रेस महज कुछ सौ रुपये में ही मिल सकती है, जो मॉल में हजारों में मिलती है। लेकिन इसके लिए आपके पास मोल- भाव करने का सलीका और चीजों को पहचानने का हुनर होना जरूरी है।
यूं तो दिल्ली में स्ट्रीट शॉपिंग के लिए कई जगहें हैं लेकिन कुछ ऐसी जगहें भी हैं, जहां आप खास चीजों के लिए ही जा सकती हैं। यहां आप जो सोचकर जाएंगी, वह चीज आपको पक्का मिल जाएगी।
दिल्ली के स्ट्रीट मार्केट में सबसे पहला नाम चांदनी चौक का आता है। यह सबसे पुराना और बेहतरीन मार्केट है, जहां आपको कई वैरायटी की चीजें मिल जाएंगी। यहां का बाजार कई गलियों में बंटा है, जहां से आप अलग- अलग तरह की चीजें खरीद सकते हैं। यहां एशिया का सबसे बड़ा मसालों का बाजार भी है, जिसका नाम खारी बावली है। भगीरथ पैलेस इलेक्ट्रिकल चीजों के लिए नामी है। किनारी बाजार में शादी से संबंधित सारी चीजें मिल जाती हैं। चांदनी चौक स्ट्रीट फूड के लिए भी मशहूर है, जहां के परांठे, कुल्फी, छोले- कुल्चे और मिठाइयों का जवाब नहीं है। यह बाजार हमेशा भीड़ से भरा रहता है। इसलिए यहां कभी भी अपनी गाड़ी से नहीं जाना चाहिए। यहां का सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन चांदनी चौक ही है। चांदनी चौक सोमवार को बंद रहता है।
सरोजिनी नगर मार्केट हर उस व्यक्ति के लिए पैराडाइस है, जिसे मोल- भाव करके खरीदारी करने का शौक है। यह दक्षिणी दिल्ली का एक प्रसिद्ध स्ट्रीट शॉपिंग मार्केट है, जहां आपको ब्राांडेड कपड़े आधी कीमत पर मिल सकते हैं। लेकिन इसके लिए मोल- भाव करना पड़ता है। आप चाहे गैप के कपड़े ढूंढ रहे हों या मैंगो या किसी अन्य बड़े ब्रांड के, यहां सब कुछ उपलब्ध है, बस जरूरत है तो पारखी नजर की। यहां कुछ दुकानों में जंक जूलरी और फुटवियर भी मिलता है। कुछ बड़े स्टोर भी हैं, जहां पारंपरिक कपड़े मिल जाते हैं। यह जगह लेटेस्ट चीजों के लिए बेहतरीन है, क्योंकि यहां कुछ भी पुराने ट्रेंड का नहीं मिलता है। यहां खाने की भी कई वैरायटी मिलती है, आलू चाट से लेकर टिक्की चाट, मोमो, छोले- भटूरे सब काफी स्वादिष्ट और जायके से भरा होता है। यहां पहुंचने के लिए आपको आईएनए मेट्रो स्टेशन आना होगा, जो हाल ही में शुरू हुआ है। यहां से बस या ऑटो लेकर सरोजिनी नगर मार्केट पहुंचा जा सकता है, जो पास ही में है। यह मार्केट अमूमन सोमवार को बंद रहता है। यदि आप भीड़- भाड़ से बचना चाहते हैं तो वीकेंड और शाम को यहां जाने से बचिए।
दिल्ली हाट की शुरुआत दिल्ली सरकार द्वारा की गई थी, जहां आपको देश के विभिन्न राज्यों से आए कारीगरों के हुनर को देखने, परखने और खरीदने का मौका मिलता है। चाहे परंपरागत कपड़े हों या हैंडीक्राफ्टेड चीजें, यहां सब कुछ मिलता है। वह भी कुछ ऐसा जो शायद ही किसी अन्य बाजार में मिले। दिल्ली हाट का लुक एक गांव की तरह है, जहां किनारे- किनारे एक लाइन में ढेर सारे स्टॉल्स लगे हैं। इन स्टॉल्स पर देश के विभिन्न राज्यों से आए कारीगर अपने हाथ से बनी चीजों को सजाकर खरीदने के लिए लगाते हैं। यहां से आप नॉर्थ- ईस्ट के लोगों के हाथ से बनी चीजें खरीद सकते हैं तो केरल के कारीगर भी यहां दिख जाएंगे। खरीदारी के साथ ही यहां विभिन्न राज्यों के फूड स्टॉल भी हैं, जहां से आप चाहें तो बिहार का लिट्टी- चोखा खाएं या कश्मीरी कहवा पी लें। कहने का मतलब है कि हर राज्य के खास व्यंजन का जायका यहां उपलब्ध है। साथ ही यहां समय- समय पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम होते रहते हैं, जिनका मजा भी खरीदारी के साथ लिया जा सकता है। दिल्ली हाट एम्स अस्पताल के पास स्थित है। यहां पहुंचने के लिए बसें चलती रहती हैं। यदि आप मेट्रो से जाना चाह रहे हैं तो यह आईएनए मेट्रो स्टेशन के बिल्कुल पास स्थित है। आईएनए मेट्रो गेट से निकलते ही आपको दिल्ली हाट का मुख्य प्रवेश द्वार दिख जाएगा। दिल्ली हाट किसी भी दिन बंद नहीं रहता। यानी आप जब चाहें, यहां जा सकते हैं।
जनपथ मार्केट न केवल दिल्ली बल्कि अपने देश का एक मुख्य शॉपिंग डेस्टिनेशन है। यह काफी पुराना मार्केट है, यहां की कुछ दुकानें 1950 तक से अस्तित्व में हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि यह स्थान न केवल देशी बल्कि विदेशी लोगों द्वारा भी हमेशा से पसंद किया जाता रहा है। यहां कपड़ों और एक्सेसरीज के साथ ही घर को सजाने के लिए भी पर्याप्त चीजें मिल जाती हैं। गुजराती कपड़े और डेकोर की चीजों की खरीदारी करनी हो तो यह जगह बेहतरीन है। यहां एक गली में सिर्फ गुजराती चीजें ही मिलती हैं। जंक जूलरी इतनी कम कीमत में मिलेगी कि आप एक खरीदने के बजाय आठ- दस खरीद लें। फुटवियर, लैंप, तिब्बती चीजें आदि भी यहां मिलती हैं। यहां खरीदारी करने आए लोगों में युवा अधिक दिखेंगे। चूंकि यह स्थान दिल्ली के दिल कनॉट प्लेस में स्थित है इसलिए यहां विदेशी भी खूब दिख जाते हैं। जनपथ का बाजार रोजाना खुला रहता है और यहां पहुंचने के लिए आपको कनॉट प्लेस आना पड़ेगा। यूं तो राजीव चौक मेट्रो से भी आप यहां आ सकते हैं लेकिन जनपथ का अलग मेट्रो स्टेशन भी है, जिसके ठीक सामने जनपथ मार्केट स्थित है। यह बाजार अमूमन रविवार को बंद रहता है।
यदि आपको अपने पसंद की चीज चाहिए, वह भी कम कीमत पर तो आपको कमला नगर मार्केट जाना चाहिए। यहां के स्टोर हों या स्ट्रीट के स्टॉल्स, खरीदारी करने के लिए कई विकल्प मौजूद हैं। यहां की कुछ दुकानों में हाई एंड ब्रांड की फर्स्ट कॉपी भी उपलब्ध रहती है। खाने- पीने के हिसाब से भी यहां कई विकल्प मौजूद हैं। यह बाजार नॉर्थ कैंपस के विद्यार्थियों के बीच खासा पसंद किया जाता है क्योंकि यह दिल्ली यूनिवर्सिटी के नजदीक है और पास ही में कई पीजी और हॉस्टल्स भी हैं। यहां का नजदीकी मेट्रो स्टेशन विश्व विद्यालय मेट्रो स्टेशन है।
पालिका बाजार सालों से कनॉट प्लेस में स्थित है। यह एक अंडर ग्राउंड एयर कंडीशंड बाजार है, जहां कपड़े, फुटवियर, इलेक्ट्रॉनिक चीजें और मोबाइल अन्य बाजार की अपेक्षा काफी कम कीमत में मिल जाते हैं। लेकिन इसके लिए आपमें मोल- भाव करने की क्षमता का होना जरूरी है। यहां तुरंत लॉन्च हुए गेमिंग कंसोल और वीडियो गेम्स भी मिलते हैं, जिस वजह से बच्चे और युवाओं की यहां भीड़ देखी जा सकती है। यहां आने के लिए भी आपको कनॉट प्लेस आना होगा। राजीव चौक मेट्रो स्टेशन यहां का करीबी मेट्रो स्टेशन है।
करोल बाग बाजार में ब्रांडेड स्टोर और स्ट्रीट स्टॉल्स दोनों हैं। यहां कपड़ों से लेकर जूलरी, फुटवियर, मसाले सब कुछ मिलते हैं। यहां के कुछ रेस्तरां काफी प्रसिद्ध हैं, जहां खरीदारी करने आए लोग अपनी भूख मिटाते हैं। करोल बाग पारंपरिक ड्रेसेज के लिए भी प्रसिद्ध है, यही वजह है कि शादी- ब्याह के मौसम में यहां काफी भीड़ रहती है। अजमल खां रोड पर पारंपरिक और वेस्टर्न हर तरह के कपड़े मिलते हैं। लेटेस्ट लहंगे लेने हों या दूल्हे के लिए शेरवानी, यहां इतनी वैरायटी उपलब्ध है कि खरीदारी करने वाला भ्रम में पड़ जाए कि उसे क्या लेना चाहिए और क्या नहीं। आर्य समाज रोड पर किताबें कम कीमत में मिल जाएंगी और जूलरी खरीदने की इच्छा हो तो बैंक स्ट्रीट जाएं। करोल बाग पहुंचने के लिए आपको करोल बाग मेट्रो स्टेशन जाना होगा। यहां से रिक्शा लेकर आप बाजार की गलियों में पहुंच सकते हैं। यह बाजार सोमवार को बंद रहता है।
खान मार्केट एक पॉश शॉपिंग मार्केट है, जहां के कुछ स्टोर्स के नाम दूर- दूर तक मशहूर हैं। यहां डिजाइनर्स के स्टोर्स के अलावा खाने- पीने के भी तमाम तरह के विकल्प उपलब्ध हैं। यहां एक अंडर ग्राउंड बुक स्टोर भी है, जो काफी नामी है। यहां कुछ बेहतरीन दर्जी भी हैं, जो आपके सूट की सिलाई दो- चार दिनों में कर सकते हैं। स्ट्रीट शॉपिंग के लिहाज से यहां कई विकल्प हैं, जहां से आप कपड़े, फुटवियर, जूलरी आदि खरीद सकती हैं। खान मार्केट सेलिब्रिटीज की वजह से भी प्रसिद्ध है क्योंकि यहां रोजाना कोई न कोई सेलिब्रिटी दिख ही जाता है। यह जगह इंडिया गेट के नजदीक है, जहां आप अपनी गाड़ी से भी जा सकते हैं। यह बाजार अधिकतर रविवार को बंद रहता है। यहां का नजदीकी मेट्रो स्टेशन खान मार्केट मेट्रो स्टेशन है।
लाजपत नगर का सेंट्रल मार्केट दक्षिणी दिल्ली का एक नामी बाजार है, जो पूरे सप्ताह शोर- गुल से आबाद रहता है। वेस्टर्न कपड़े लेने हों या पारंपरिक कुर्ती, यहां सब कुछ सही दाम पर उपलब्ध है। ट्रेंडी जूलरी भी यहां मिलती है। यहां के मेहंदी वाले इतनी खूबसूरत मेहंदी लगाते हैं कि आप खुश हो जाएंगी। सेंट्रल मार्केट में कई गलियां हैं, जिन्हें पूरी तरह से घूम लेने के बाद ही खरीदारी करना सही रहता है। कहीं ऐसा न हो कि आपको बाद में वही चीज कम कीमत में मिल जाए। यहां इतनी भीड़ रहती है कि शायद आप घबरा भी जाएं, खासकर वीकेंड पर तो चलने तक की जगह नहीं रहती। इसलिए अपनी कार के बजाय पब्लिक ट्रांसपोर्ट का प्रयोग करना सही रहेगा। यहां पहुंचने के लिए नजदीकी मेट्रो स्टेशन लाजपत नगर ही है, यहां उतरने के बाद आप रिक्शा से बाजार तक जा सकती हैं। यह मार्केट अधिकतर सोमवार को बंद रहता है।
सदर बाजार एक ऐसी जगह है, जहां खरीदारी के शौकीनों को जरूर जाना चाहिए। होलसेल की कीमत पर यहां कई चीजें रिटेल में भी मिल जाती हैं। फिर चाहे घर सजाने के लिए डेकोरेटिव आयटम्स चाहिए हों या पर्दे, छोटे फर्नीचर, कपड़े, कॉस्मेटिक्स... सब कुछ यहां उपलब्ध है। यहां कुछ चीजें सिर्फ होलसेल के लिए ही मिलती हैं। आपको एक- दो पीस चाहिए होंगे तो नहीं मिलेंगे। आपको कम से कम छह पीस खरीदने पड़ेंगे। पुरानी दिल्ली स्थित सदर बाजार जाने के लिए नजदीकी मेट्रो स्टेशन चांदनी चौक है, जहां से आप रिक्शे की सवारी करके सदर बाजार आसानी से पहुंच सकते हैं। सदर बाजार गलियों में बसा मार्केट है, इसलिए यहां कार से जाने से परहेज करना ही सही है, वरना आप किसी गली में फंस गए तो बाहर निलकने में घंटों लग सकते हैं।
पहाड़गंज नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास स्थित है, यही वजह है कि यहां होटल, कैफे और बार की भरमार है। यहां के होटल काफी सस्ते भी होते हैं। यूं तो इस बाजार में रिटेल की कई चीजें उपलब्ध हैं लेकिन होलसेल के लिहाज से पहाड़गंज का नाम ज्यादा है। यहां जंक जूलरी की कई वैरायटी मिलती हैं। साथ ही कपड़े खासकर हिप्पी वाले कपड़े भी यहां के स्टॉल्स पर सहज ही दिख जाते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि दिल्ली आए विदेशी अमूमन यहां के होटलों में ही रहते हैं। यहां की दुकानों में आपको होलसेल के लिहाज से कई चीजें मिल जाती हैं। फिर चाहे आपको कपड़े लेने हों, मोजे या फिर सजावटी चीजें ही। देश भर से आए दुकानदार यहां की होलसेल दुकानों से चीजें खरीद कर ले जाते हैं। यह बाजार हमेशा भीड़- भाड़ से भरा होता है, इसलिए अपनी चीजों की सुरक्षा स्वयं करना बेहतर है। पहाड़गंज मार्केट नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से पैदल पहुंचा जा सकता है। वैसे यहां पहुंचने के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन मेट्रो भी ले सकते हैं। पहाड़गंज मार्केट रोजाना खुला रहता है।
मजनूं का टीला विद्यार्थियों के बीच जाना- पहचाना है क्योंकि यहां के तिब्बती बाजार में कॉलेज के विद्यार्थियों के काम लायक सारी चीजें मिलती हैं। कपड़ों में प्लाजो, टॉप, एथनिक भारतीय पोशाक, डेनिम से लेकर बैग आदि की कई वैरायटी यहां मिल जाएगी। हाथ के बने स्वेटर, टोपियां, शॉल, मोजे और बूट्स भी यहां खूब मिलते हैं। यहां खाने- पीने की भी कई चीजें मिलती हैं, जो विद्यार्थियों के बीच पसंद की जाती हैं। मजनूं का टीला जीटी रोड पर स्थित है, जो दिल्ली यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस के पास है। यहां का करीबी मेट्रो स्टेशन विधान सभा मेट्रो स्टेशन है, जहां से रिक्शा लेकर मजनूं का टीला पहुंचा जा सकता है।
यदि आपकी खोज नई इलेक्ट्रॉनिक चीजें या एक्सेसरीज खरीदने की है तो आपको कहीं और जाने की ज़रूरत नहीं है। आप सीधे करोल बाग में स्थित गफ्फार मार्केट पहुंच जाएं। इसे ग्रे मार्केट भी कहा जाता है, जहां आपको गैजेट्स खासकर मोबाइल पर बेहतरीन डील्स मिलती हैं। आपको एक बढ़िया सेकेंड हैंड स्मार्ट फोन मात्र कुछ हजार रुपये में ही मिल सकता है। वैसे देश भर से आए दुकानदार यहां की दुकानों से होलसेल में अपनी दुकानों के लिए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और एक्सेसरीज की खरीदारी करते हैं। कुछ बड़ी दुकानों में तो इंपोर्टेड इलेक्ट्रॉनिक चीजें भी मिलती हैं, जिन्हें भी छोटे दुकानदार होलसेल में खरीद कर ले जाते हैं। गफ्फार मार्केट करोल बाग में स्थित है तो यहां जाने के लिए आपको करोल बाग की बस लेनी होगी। मेट्रो से जाना हो तो करोल बाग मेट्रो स्टेशन सही रहता है। मेट्रो स्टेशन से रिक्शा की सवारी करके आप गफ्फार मार्केट पहुंच सकते हैं।
ये भी पढ़ें :
स्टूडेंट्स के लिए टॉप 6 मनी सेविंग टिप्स
इन ब्रांड्स से करें सेक्सी ब्रांडेड लॉन्जरी शॉपिंग