मशहूर धारावाहिक ‘भाबीजी घर पर हैं’ के फैंस को एक बार फिर झटका लग सकता है। खबर आ रही है कि शिल्पा शिंदे के बाद अंगूरी भाभी का किरदार निभा रहीं शुभांगी अत्रे भी अब इस धारावाहिक को छोड़ सकती हैं। ऐसा माना जा रहा है कि वे राजनीति में अपनी किस्मत आज़माना चाहती हैं।
शुभांगी अत्रे से पहले इस किरदार को शिल्पा शिंदे निभा रही थीं पर मेकर्स से किसी विवाद के चलते उन्होंने यह शो छोड़ दिया था। शिल्पा शिंदे को दर्शक बहुत पसंद करने लगे थे इसलिए पहले मेकर्स शुभांगी अत्रे को इस रोल के लिए कास्ट करते समय बहुत आशांवित नहीं थे। मगर नई भाबीजी बनी शुभांगी अत्रे ने दर्शकों का दिल बहुत ही जल्दी जीत लिया था।
जहां शिल्पा शिंदे ने किसी विवाद के चलते शो को अलविदा कहा था, वहीं शुभांगी के राजनीति में जाने के कयास लगाए जा रहे हैं। हाल ही में शुभांगी उत्तरप्रदेश में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए एक पार्टी का प्रचार करके आई हैं। वहां उनसे राजनीति में उनकी रुचि के बारे में पूछा गया, जिस पर उन्होंने कहा, ‘मैं पॉलिटिक्स में आने को लेकर कंफ्यूज़ हूं लेकिन मुझे लगता है कि हमारे जैसे युवाओं के लिए यह एक अच्छा मौका है। बदलाव के लिए इन दिनों युवा राजनीति में आने लगे हैं क्योंकि अब कुछ भी असंभव नहीं है। फिलहाल शुभांगी राजनीति में आने को लेकर स्पष्ट नहीं हैं और दर्शक भी अब शायद किसी नई भाबीजी को आसानी से स्वीकार नहीं कर सकेंगे।
बहुत जल्द 'भाबी जी घर पर हैं' में चुनाव वाला एपिसोड दिखाया जाने वाला है, जिसमें अनीता और अंगूरी भाभी चुनाव में खड़ी हुई दिखाई देंगी और जनता से अपने लिए वोट मांग रही होंगी। यह खबर शो के प्रमोशन का एक हिस्सा भी हो सकती है। बहरहाल अगर शुभांगी शो छोड़ कर जाती हैं तो उनके फैंस काफी निराश हो जाएंगे। इस धारावाहिक में कानपुर के दो पड़ोसी परिवारों की कहानी है। दोनों ही परिवारों के पति को दूसरे की पत्नी से प्यार हो जाता है और वे उनसे मिलने के लिए बहाने तलाश करते रहते हैं। इस रोचक कहानी के सभी किरदारों की कॉमिक टाइमिंग को खासा पसंद किया जा रहा है।